ज्योति सिंह ने पोस्ट लिखकर पवन सिंह पर साधा निशाना, लिखा- 'औरत की हाय तुम्हें बर्बाद कर देगी’

पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का विवाद अब सोशल मीडिया वॉर में बदल गया है. 10 करोड़ की एलिमनी की खबरों के बीच ज्योति ने तीखे पोस्ट शेयर कर पवन सिंह पर निशाना साधा है.

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: May 8, 2026 2:56 PM IST

भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह की प्रोफेशनल लाइफ जितनी शानदार रही है, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही उलझी हुई नजर आती है. पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सोशल मीडिया पर इस कपल के तलाक और 10 करोड़ रुपये की एलिमनी को लेकर चर्चाएं गर्म थीं. लेकिन अब मामला सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि यह एक जुबानी जंग में बदल गया है. ज्योति सिंह के हालिया सोशल मीडिया पोस्ट्स ने इस आग में घी डालने का काम किया है.

एलिमनी की अफवाह और ज्योति का पक्ष

खबरों की शुरुआत तब हुई जब यह दावा किया गया कि ज्योति सिंह ने पवन सिंह से अलग होने के बदले 10 करोड़ रुपये की मांग की है. एक हालिया पॉडकास्ट में ज्योति ने इन अफवाहों पर अपनी बात रखी और सच्चाई बताने की कोशिश की. लेकिन इनके बावजूद, उनके मन में दबा गुस्सा अब सोशल मीडिया के जरिए बाहर निकल रहा है.

सोशल मीडिया पर ज्योति का पोस्ट

ज्योति सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक के बाद एक दो ऐसी पोस्ट शेयर कीं, जिन्होंने पवन सिंह के फैंस और आम जनता को हैरान कर दिया है. ज्योति ने लिखा, "जरूरी नहीं कि औरत तुम्हें बद्दुआ दे... उसके दिल की तड़प ही तुम्हारी बर्बादी के लिए काफी है!" यह लाइन उस मानसिक पीड़ा की ओर इशारा करती है जिससे वह गुजर रही हैं. दूसरी पोस्ट और भी ज्यादा तीखी थी, जिसमें उन्होंने लिखा, "मौत से बदतर कुछ है??? स्त्री की हाय."

इन दोनों ही पोस्ट्स में कहीं भी पवन सिंह का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन हालात और समय को देखते हुए हर कोई यही मान रहा है कि इनका निशाना पावर स्टार ही हैं.

jyoti singh

तलाक की अर्जी और एलिमनी

पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच का कानूनी विवाद जगजाहिर है. पवन सिंह ने कोर्ट में साफ कर दिया है कि वह अब इस रिश्ते को आगे नहीं ले जाना चाहते और वन टाइम सेटलमेंट के जरिए इस चैप्टर को बंद करना चाहते हैं. दूसरी ओर, ज्योति सिंह का रुख थोड़ा अलग रहा है. वह कई मौकों पर कह चुकी हैं कि वह अपनी शादी को बचाना चाहती हैं और तलाक के पक्ष में नहीं हैं.

मगर अब ज्योति के इन कटाक्ष भरे पोस्ट ने यह साफ कर दिया है कि शायद उनके सब्र का बांध टूट चुका है. जहां एक तरफ सुलह की बातें हो रही थीं, वहीं इन पोस्ट्स ने दिखा दिया है कि कड़वाहट बहुत गहरी है. फिलहाल पवन सिंह की ओर से इन आरोपों या पोस्ट्स पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.