Also Read
सलमान खान के सुपरहिट टीवी रियल्टी शो 'बिग बॉस 12' के समय में मेकर्स ने बड़ा बदलाव किया है। ये शो 16 सितंबर से ऑन एयर होने वाला है और शो की एंट्री के लिए बीते दिनों गोवा में ग्रैंड लॉन्च रखा गया था। इस शो के अब तक तीन प्रोमो जारी हो चुके हैं और अब इस महीने की 16 तारीख पर निगाहें लगी हुई हैं। अब इस शो से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है जो आपको झूमने पर मजबूर कर देगी। दरअसल, कलर्स के सीईओ राज नायक ने बीती रात एक ब्रेकिंग न्यूज शेयर करते हुए जानकारी दी है कि इस सीजन ये शो 10.30 बजे की जगह रोजाना रात 9 बजे प्रसारित किया जाएगा।
पिछले सीजन्स में अभी तक इस शो को 10.30 बजे ही रात में प्रसारित किया जाता था। लेकिन इस बार इसके समय में ये बड़ा बदलाव किया है। राज नायक ने ट्वीट करते हुए लिखा है, 'ब्रेकिंग न्यूज- इस सीजन टेलीविजन का सबसे बड़ा रियल्टी शो बिग बॉस 12 को सभी दिनों रात 9 बजे प्रसारित किया जाएगा।' फैंस के लिए यकीनन ये एक बड़ी खुशखबरी है। याद दिला दें कि अब तक इस शो को रात 10.30 बजे प्रसारित किया जाता था लेकिन सिर्फ शनिवार और रविवार को इसे रात 9 बजे दिखाया जाता था। ये वो दिन होते हैं जब सलमान खान घर के अंदर मौजूद सदस्यों से बात करते हैं और एलिमिनेशन होता है। लेकिन शो के लिए अपनी स्ट्रैटिजी में बड़ा बदलाव करते हुए ये कदम उठाया गया है।
#BreakingNews This season of the biggest Reality show on Indian Television #BiggBoss12 to be telecast at 9 PM on all days @ColorsTV! @iamappyfizz @oppomobileindia @PanasonicIndia
— Raj Nayak (@rajcheerfull) September 6, 2018
इतना ही नहीं हर बार की तरह इस बार भी शो दमदार रहने वाला है। इसकी थीम में बड़ा बदलाव करते हुए मेकर्स ने मुंबई में नहीं बल्कि गोवा में शो लॉन्च किया और थीम भी गोवा की ही रखी है। इसके अलावा इस बार इस सीजन में 'विचित्र जोड़ी' का कॉन्सेप्ट रखा है। शो में कुछ घरवाले इस बार जोड़ियों में आने वाले हैं और घर में एंट्री करने वाले पहले कपल बने हैं भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया। दोनों घर में कपल एंट्री करेंगे तो वहीं, शो में दीपिका कक्कड़, करणवीर बोहरा, शलीन भनोट और पोर्न स्टार डैनी डी अपनी इंडियन गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ आने वाले हैं। आप इस शो के लिए क्या हर बार की ही तरह उत्साहित हैं। अगर हां तो अपना जवाब हमें कमेंट करके बताएं।