सलमान खान का टीवी रियलिटी शो 'बिग बॉस' लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। इस दफा शो में कई बदलाव किए गए हैं, जिसके चलते ये शो पहले के मुकाबले और मजेदार होने जा रहा है। शो में इस दफा सबसे ज्यादा कंटेस्टेंट भी शामिल होने जा रहे हैं। इस दफा शो में विचित्र जोड़ियों समेत कुल 21 कंटेस्टेंट नजर आने वाले हैं। इससे भी दिलचस्प यह है कि शो की टाइमिंग भी बदल दी गई है। 'बिग बॉस 12' रात 10.30 बजे के बजाय अब 9 बजे टेलिकास्ट किया जाएगा और इसके चलते टीवी पर भूचाल आने की स्थितियां बन रही हैं। दरअसल 9 बजे किसी भी चैनल के लिए प्राइम टाइम होता है और इस दौरान हर चैनल अपना सबसे पॉपुलर शो ही टेलिकास्ट करता है।
'बिग बॉस 12' को रात 10.30 बजे के बजाय 9 बजे टेलिकास्ट करने के फैसले ने कई लोगों को चौंका दिया है। 10.30 बजे का स्लॉट विवादित शो 'बिग बॉस' के लिए परफेक्ट टाइमिंग मानी जाती थी, लेकिन अब इसके प्राइम टाइम पर प्रसारित होने से कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। 'बिग बॉस' की टाइमिंग बदलने से 'बेपनाह' की आॅडियंस अब 10.30 पर इस शो को देख सकेगी।
9 बजे टेलिकास्ट होने के चलते सलमान खान के शो 'बिग बॉस' को अमिताभ बच्चन के पॉपुलर गेम शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (सोनी टीवी) से भी कड़ी टक्कर मिलने वाली है। इसके अलावा 9 बजे ही 'अलादीन नाम तो सुना होगा' (सोनी सब), 'कृष्णा चली लंदन' (स्टार प्लस) और 'कुमकुम भाग्य' (जी टीवी) जैसे पॉपुलर शो भी 'बिग बॉस' के सामने किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होंगे। ऐसे में आॅडियंस के सामने भी यह समस्या है कि वह आखिर किस शो को देखे और किसे मिस करे।
#BreakingNews This season of the biggest Reality show on Indian Television #BiggBoss12 to be telecast at 9 PM on all days @ColorsTV! @iamappyfizz @oppomobileindia @PanasonicIndia
— Raj Nayak (@rajcheerfull) September 6, 2018
'केबीसी 10', 'अलादीन', 'कृष्णा चली लंदन' से पहले ही प्राइम टाइम स्लॉट गुलजार हैं और ऐसे में 'बिग बॉस' जैसा बड़ा रियलिटी शो इसी स्लॉट में प्रसारित होने से मुकाबला कड़ा ही होने जा रहा है। इसके अलावा स्टार प्लस और जी के डेली फिक्शन शोज 'नागिन' और 'शक्ति- अस्तित्व के एहसास की' भी उम्मीद से बेहतर परफॉर्म कर रहे हैं। सलमान के 'बिग बॉस 12' के प्राइम टाइम में आने से संभव है कि बाकी के चैनल भी अपनी स्ट्रेटजी में बदलाव करें। बहरहाल, ऐसे में आने वाले हफ्तों में देखना दिलचस्प होगा कि टीआरपी की जंग में कौन किस पर भारी पड़ता है।