अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की हालिया रिलीज फिल्म '102 नॉट आउट' सरप्राइज देते हुए इस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शुमार हो गई है। फैमिली आॅडियंस को ध्यान में रखकर बनाई गई इस फिल्म को बॉक्स आॅफिस पर धीमी शुरुआत जरूर मिली, लेकिन अच्छे कंटेट और माउथ पब्लिसिटी के दम पर फिल्म लगातार रिलीज के तीसरे हफ्ते भी बॉक्स आॅफिस पर कलेक्शन कर रही है। अब तक फिल्म 47.51 करोड़ रुपये बटोर चुकी है। इसी के साथ फिल्म ने वरुण धवन की 'अक्टूबर' (45.36 करोड़ रुपये) और रानी मुखर्जी की 'हिचकी' (46.17 करोड़ रुपये) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। '102 नॉट आउट' मौजूदा वक्त में 2018 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में फिलहाल 7वें पायदान पर है। फिल्म के मौजूदा कलेक्शन को देखकर लग रहा है कि यह फिल्म इस हफ्ते के अंत तक 50 करोड़ रुपये के कलेक्शन के आंकड़े को भी छू लेगी।
समीक्षकों और आॅडियंस से फिल्म को मिले शानदार रिव्यूज के अलावा अमिताभ बच्चन के जिगरी दोस्त शत्रुघ्न सिन्हा ने भी ऋषि कपूर और अमिताभ की परफॉरमेंस की तारीफ करते हुए लिखा था- 'महान अमिताभ बच्चन और सबसे ज्यादा वांछनीय ऋषि कपूर ने कर दिया कमाल! '102 नॉट आउट' ने अच्छा प्रदर्शन किया और सोसायटी के हर तबके को यह फिल्म पसंद आई है। सबसे ज्यादा पॉपुलर लेजेंड्स ने हिंदी सिनेमा के लैंडस्केप को रीडिफाइन किया है।' इतना ही नहीं शत्रुघ्न सिन्हा ने इस फिल्म के लिए जिमित त्रिवेदी की अदाकारी की भी तारीफ की है। उन्होंने जिमित की तारीफ में लिखा- 'बतौर एक्टर एक ही फ्रेम में सीनियर एक्टर्स अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर के साथ जिमित त्रिवेदी ने लोगों के दिलों को अपनी अदाकारी के जरिए छू दिया, एक एक्टर के तौर पर उनकी खोज किसी असली मणि जैसी है।'
'102 नॉट आउट' की कहानी 102 सााल के एक बुजुर्ग और उसके 75 साल के बेटे के इर्द-गिर्द घूमती है। उमेश शुक्ला द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अमिताभ बच्चन 102 साल के शख्स के किरदार में नजर आए हैं, जबकि ऋषि कपूर ने इस फिल्म में उनके 75 वर्षीय बेटे की भूमिका अदा की है। फिल्म में अमिताभ का किरदार दुनिया में सबसे ज्यादा उम्र तक जीने वाले चीनी शख्स का रिकॉर्ड तोड़ने की ख्वाहिश रखता है। सौम्या जोशी के गुजराती नाटक पर बेस्ड इस फिल्म की कहानी लोगों को छू गई और नतीजतन फिल्म ने सबको सरप्राइज देते हुए बॉक्स आॅफिस पर अपना जादू दिखा दिया।
Subscribe Now
Enroll for our free updates