भूत बंगला ने तीसरे शनिवार को कितनी कमाई की?
अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है. अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बॉक्स ऑफिस पर उनका सिक्का आज भी चलता है. फिल्म 'भूत बंगला' अपनी रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी मजबूती से टिकी हुई है. फिल्म ने सिनेमाघरों में अपने 16 दिन पूरे कर लिए हैं और तीसरे शनिवार को इसकी कमाई में एक बार फिर उछाल देखने को मिला है. दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज इस कदर बरकरार है कि नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद 'भूत बंगला' को देखने के लिए थिएटरों में भारी भीड़ उमड़ रही है.
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म 'भूत बंगला' ने अपने तीसरे शनिवार यानी 16वें दिन 3.23 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. गौर करने वाली बात यह है कि फिल्म अभी भी देशभर के 4,283 शो में चल रही है.
कुल इंडियन नेट कलेक्शन: 135.88 करोड़
कुल इंडियन ग्रॉस कलेक्शन: 161.36 करोड़
यह आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि फिल्म ने न केवल अपनी लागत वसूल ली है, बल्कि अब यह बड़े मुनाफे की ओर बढ़ रही है. वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में भी फिल्म जल्द ही नए रिकाॅर्ड बनाने वाली है.
फिल्म की कहानी 'अर्जुन आचार्य' (अक्षय कुमार) नाम के एक शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे मंगलपुर गांव में एक पुरानी और रहस्यमयी हवेली विरासत में मिलती है. अर्जुन आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, इसलिए वह अपनी बहन की शादी इसी हवेली में करने का रिस्क लेता है. गांव वाले उसे 'वधुसुर' नाम के एक भयानक राक्षस के बारे में चेतावनी देते हैं, जो दुल्हनों का शिकार करता है. लेकिन अर्जुन इन बातों को मजाक में टाल देता है, जिसके बाद शुरू होता है डर और हंसी का वो सिलसिला, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है.
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कॉमेडी के दिग्गजों की फौज है. अक्षय कुमार के साथ पारेश रावल और राजपाल यादव की तिकड़ी ने पुराने दिनों की याद ताजा कर दी है. इसके अलावा फिल्म में तब्बू, वामिका गब्बी और जिशु सेनगुप्ता ने भी अपनी एक्टिंग से फिल्म में चार चांद लगा दिए हैं. एकता कपूर और शोभा कपूर द्वारा निर्मित यह फिल्म साल 2026 की सबसे सफल हॉरर-कॉमेडी बनकर सामने आई है. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.