'धुरंधर 2' वर्ल्डवाइड कलेक्शन
आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर : द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. इस फिल्म ने कमाई के जो आंकड़े छू लिए हैं, वो वाकई चौंकाने वाले हैं. रणवीर सिंह की ये जासूसी थ्रिलर न सिर्फ लोगों को सिनेमाघरों तक खींच रही है, बल्कि रिकॉर्ड्स पर रिकॉर्ड्स तोड़े जा रही है. अगर बात करें वर्ल्डवाइड कलेक्शन की, तो फिल्म ने 1700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
दुनिया भर में 'धुरंधर 2' की कुल कमाई 1714. करोड़ रुपये हो गई है. इसमें भारत का योगदान 1086.48 करोड़ रुपये है और विदेशों से फिल्म ने 415.50 करोड़ रुपये बटोरे हैं. खास बात ये है कि इस फिल्म ने अपने पहले पार्ट यानी 'धुरंधर 1' (1307.35 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ दिया है. अब इसकी नजर 'पुष्पा 2' (1742.10 करोड़ रुपये) के रिकॉर्ड पर है, जिससे यह बस कुछ ही कदम दूर है. फिल्म का अगला बड़ा टारगेट 'बाहुबली 2' है, जो 1788.06 करोड़ रुपये के साथ अभी भी रेस में काफी आगे चल रही है.
अगर हिंदी फिल्मों के इतिहास को देखें, तो 'धुरंधर 2' अब दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है. इस लिस्ट में टॉप पर आमिर खान की 'दंगल' है, जिसने 2000 करोड़ से ज्यादा कमाए थे. हालांकि, 'दंगल' की कमाई में चीन का बहुत बड़ा हाथ था, जबकि 'धुरंधर 2' ने अपना दबदबा काफी हद तक घरेलू और ग्लोबल लेवल में अपने दम पर बनाया है. इसी के साथ 'धुरंधर' देश की पहली ऐसी फ्रैंचाइजी बन गई है जिसने कुल मिलाकर 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.
फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस (रणवीर सिंह) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए खतरनाक मिशन पर निकलता है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकारों ने जान डाल दी है. फिल्म की रिलीज को 26 दिन हो चुके हैं, लेकिन इसका क्रेज कम होने का नाम नहीं ले रहा है. हाल ही में चौथे रविवार यानी 25वें दिन भी फिल्म ने 14.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया, जबकि शनिवार को यह आंकड़ा 13.50 करोड़ रुपये था. वहीं 26वें दिन फिल्म ने शाम 7 बजे तक 2.86 करोड़ की कमाई की है. ये आंकड़ें बाद में बदल सकते हैं. वर्किंग डे के हिसाब से यह आंकड़ा बेहतरीन है. इस तरह से फिल्म की कुल कमाई 1086.53 करोड़ हो गई है.
ये साफ है कि 'धुरंधर 2' दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रही है. एक जासूसी फिल्म के लिए इतना लंबा सफर तय करना और चौथे हफ्ते में भी करोड़ों की कमाई करना काबिले तारीफ है. जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, ऐसा लग रहा है कि जल्द ही यह बॉक्स ऑफिस के कई और नए रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लेगी. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.