Box Office Report: अनुराग कश्यप की इन फिल्मों को पछाड़कर 'बॉम्बे वेलवेट' का लाइफटाइम कलेक्शन पीछ़े छोड़ने की ओर बढ़ी 'मनमर्जियां'

डार्क थ्रिलर के पर्याय बन चुके अनुराग कश्यप ने इस फिल्म में अपनी फिल्ममेकिंग के स्टाइल के लिहाज से अपनी ही कई पुरानी चीजों को पीछे छोड़ा है।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: September 17, 2018 5:48 PM IST

अनुराग कश्यप की हालिया रिलीज फिल्म 'मनमर्जियां' की जितनी चर्चाएं इस वक्त सोशल मीडिया पर हो रही हैं, उतनी ही ये फिल्म बॉक्स आॅफिस पर भी डायरेक्टर की पिछली फिल्मों के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन कर रही है। डार्क थ्रिलर के पर्याय बन चुके अनुराग कश्यप ने इस फिल्म में अपनी फिल्ममेकिंग के स्टाइल के लिहाज से अपनी ही कई पुरानी चीजों को पीछे छोड़ा है। मसलन दर्शक मानकर चलते थे कि अनुराग की फिल्म में गालियां और अंधेरे फ्रेम तो नजर आने ही हैं! 'मनमर्जियां' एक रोमांटिक ड्रामा है जिसके केन्द्र में तीन किरदार रॉबी, रूमी और विक्की हैं। इन तीनों ही किरदारों के बीच फिल्म की कहानी घूमती है।

खैर फिल्म के बिजनेस की बात करें तो तापसी पन्नू, विक्की कौशल और अभिषेक बच्चन के लीड रोल वाली 'मनमर्जियां' ने 3 दिन में करीब 14.33 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 3.52 करोड़ का कारोबार किया, जबकि शुक्रवार को 5.11 करोड़ और शनिवार को फिल्म ने 5.70 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस लिहाज से देखें तो तीन दिन में ही करीब 14.33 करोड़ रुपये की कमाई के साथ 'मनमर्जियां' ने अनुराग कश्यप की ही कई पुरानी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

इनमें अनुराग की ही पिछली रिलीज फिल्म 'मुक्काबाज' भी शामिल है। 'मुक्काबाज' ने 10.51 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था। 2011 के बाद रिलीज हुई अनुराग कश्यप की फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन की बात करें तो 'मनमर्जियां' ने 'रमन राघव 2.0' (7 करोड़), 'अग्ली' (6.23 करोड़) और 'दैट गर्ल इन येलो बूट्स' (2.14 करोड़) जैसी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को भी काफी पीछे छोड़ दिया है।

'मनमर्जियां' को फिल्म क्रिटिक और आॅडियंस दोनों की ओर से शानदार प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। फिल्म की लीड स्टारकास्ट की तो खूब तारीफ हो ही रही है, फिल्म के गानों को भी खूब सराहना मिल रही है। कुल मिलाकर देखें तो 'मनमर्जियां' अच्छी माउथ पब्लिसिटी के दम पर आगे अनुराग कश्यप की ही फिल्मों 'गैंग्स आॅफ वसेपुर' (22.04 करोड़), 'बॉम्बे वेलवेट' (23.67 करोड़) और 'गैंग्स आॅफ वसेपुर' (25.25 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को चुनौती दे सकती है। देखना दिलचस्प होगा कि 'मनमर्जियां' को जिस तरह की प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं, ये फिल्म अनुराग की सबसे बड़ी हिट फिल्म बन पाती है या नहीं।