Thalapathy Vijay Top 5 Grosser Films: कॉलीवुड सुपरस्टार थलापति विजय (Thalapathy Vijay) आज अपना 47वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर सुपरस्टार विजय की अपकमिंग फिल्म बीस्ट (Beast) का धांसू फर्स्ट लुक पोस्टर और टाइटल मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। इस साल धलापति विजय की रिलीज हुई मास्टर की बंपर सक्सेस के बाद फैंस को उनकी अगली फिल्म से भी काफी उम्मीदें है। मास्टर ही नहीं, इससे पहले भी थलापति विजय की कई फिल्मों ने टिकट खिड़की पर तूफान ला दिया था। यहां हम बात कर रहे हैं उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों की। नीचे देखिए लिस्ट-
मास्टर (Master)

इसी साल सिल्वर स्क्रीन पर पहुंची थलापति विजय और विजय सेतुपति स्टारर फिल्म मास्टर ने तो कमाई के मामले में इतिहास रच दिया। कोरोना की पहली लहर के बाद सिर्फ 50 फीसदी क्षमता के साथ खुले सिनेमाघरों में थलापति विजय की फिल्म एक धमाका लेकर आई। इस फिल्म ने कम ही वक्त में पूरे देश में हंगामा मचा दिया था। फिल्म ने ताबड़तोड़ कमाई करते हुए वर्ल्डवाइड स्तर पर 350 करोड़ रुपये कमा डाले। जबकि देश में ही फिल्म ने करीब 200 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया था।
बिगिल (Bigil)

मास्टर से पहले रिलीज हुई थलापति विजय की फिल्म बिगिल भी दर्शकों की तालियां लूटने में कामयाब रही थी। ये एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म थी। जिसमें सुपरस्टार विजय ने डबल रोल निभाया था। इस फिल्म की तुलना बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की चक दे इंडिया से हुई थी। बावजूद फिल्म ने सिल्वर स्क्रीन पर धुआंधार कमाई की थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस से वर्ल्डवाइड 290 करोड़ रुपये की धांसू कमाई की थी।
मर्सेल (Mersal)

निर्दशक एटली के साथ थलपाति विजय की ये तीसरी फिल्म थी। फिल्म में थलापति विजय ने ट्रिपल रोल निभाए थे। ये फिल्म भी सिल्वर स्क्रीन पर धमाका करने में कामयाब रही थी। फिल्म में थलापति विजय ने ऐसे जुड़वां भाइयों का किरदार निभाया था, जो अपने पिता की मौत का बदला लेते हैं। जिसकी वजह से उन्हें दर्शकों ने ट्रिपल रोल में देखा था। इस फिल्म ने थियेटर्स से वर्ल्डवाइड 260 करोड़ रुपये बटोरे थे।
सरकार (Sarkar)

थलापति विजय और निर्देशक एआर मुरुगदॉस की फिल्म को भी दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। इन दोनों की जोड़ी की ये तीसरी फिल्म थी। जिसमें थलापति विजय ने एक एनआरआई बिजनेसमैन का किरदार निभाया था। इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड लेवल पर करीब 250 करोड़ रुपये कारोबार किया था।
थेरी (Theri)

निर्देशक एटली और थलापति विजय ने पहली बार इस फिल्म के लिए ही हाथ मिलाया था। इस फिल्म में भी एक्टर थलापति विजय डबल रोल में दिखे थे। ये फिल्म भी लोगों को खूब पसंद आई और बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार बिजनेस करने में कामयाब रही। फिल्म ने वर्ल्डवाइड लेवर पर 200 करोड़ रुपये जुटाए थे।