Peddi Box Office Collection Day 2: दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर रहा राम चरण का दबदबा, फिल्म 'पेड्डी' ने की इतनी कमाई

Peddi Box Office Collection Day 2: बॉक्स ऑफिस पर ग्लोबल स्टार राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' का तूफान जारी है. पहले दिन की बंपर ओपनिंग के बाद दूसरे दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई की.

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: June 6, 2026 6:00 AM IST

Peddi Box Office Collection Day 2: साउथ सिनेमा के दिग्गज एक्टर राम चरण की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'पेड्डी' (Peddi) ने थिएटर्स में आते ही बॉक्स ऑफिस को अपने कब्जे में ले लिया है. फिल्म के शुरुआती आंकड़ों को देखकर यह साफ हो गया था कि यह बाॅक्स ऑफिस पर लंबी टिकने वाली है. ओपनिंग डे पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करने के बाद, इस फिल्म ने अपने दूसरे दिन (शुक्रवार) भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से पैर जमाए रखे हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि शुक्रवार को सिनेमाघरों में कई नई फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन राम चरण के स्टारडम के आगे वे सभी फीकी नजर आईं.

एडवांस बुकिंग से ही दिखने लगा था क्रेज

4 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई 'पेड्डी' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त हाइप बनी हुई थी. फिल्म की एडवांस टिकट बुकिंग की रफ्तार ने पहले ही इसके ब्लॉकबस्टर होने का इशारा कर दिया था. राम चरण के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और जब यह रिलीज हुई, तो सिनेमाघरों के बाहर पैर रखने की जगह नहीं बची.

पहले दिन की शुरुआत और पेड प्रीव्यूज

'पेड्डी' ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद धमाकेदार शुरुआत की. केवल पेड प्रीव्यूज के जरिए ही फिल्म ने 18.50 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया था. इसके बाद, रिलीज के पहले दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 51 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन करके सबको चौंका दिया. वहीं, अगर वर्ल्डवाइड मार्केट की बात करें, तो फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया था.

दूसरे दिन भी जारी रहा दबदबा

अक्सर देखा जाता है कि बड़ी ओपनिंग के बाद दूसरे दिन फिल्मों की कमाई में भारी गिरावट आती है, लेकिन 'पेड्डी' के साथ ऐसा नहीं हुआ. बॉक्स ऑफिस ट्रैकर वेबसाइट 'सैकनिल्क' की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अपने दूसरे दिन भारत में 26.90 करोड़ रुपये की शानदार कमाई दर्ज की है.

इस तरह महज दो दिनों के भीतर फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 92.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. उम्मीद जताई जा रही है कि शनिवार की सुबह तक यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी.

दमदार स्टारकास्ट और बेहतरीन निर्देशन

'पेड्डी' का निर्देशन जाने-माने डायरेक्टर बुची बाबू सना ने किया है, जिन्होंने कहानी को बेहद विजुअल और मास-अपीलिंग बनाया है. फिल्म में राम चरण के साथ बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं. इनके अलावा बोमन ईरानी, कन्नड़ सुपरस्टार शिवा राजकुमार और दिव्येंदु शर्मा जैसे दिग्गज कलाकारों ने अपनी एक्टिंग से फिल्म में चार चांद लगा दिए हैं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.