Sanju Box Office: 5वें हफ्ते में ‘पीके’ को धूल चटा बॉलीवुड की दूसरी सबसे बड़ी हिट बन जाएगी ‘संजू’, देखें पूरी लिस्ट

रणबीर कपूर के कैरियर की सबसे बड़ी हिट बन गई है 'संजू', देखें पूरी रिपोर्ट

By: Rahul Sharma  |  Published: July 27, 2018 7:16 PM IST

Sanju Box Office: 5वें हफ्ते में ‘पीके’ को धूल चटा बॉलीवुड की दूसरी सबसे बड़ी हिट बन जाएगी ‘संजू’, देखें पूरी लिस्ट

डायरेक्टर राजकुमार हिरानी के द्वारा बनाई गई फिल्म 'संजू' बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई है। काफी लम्बे समय से फ्लॉप फिल्में दे रहे रणबीर कपूर के लिए एक ऐसी ही सुपरहिट फिल्म की जरूरत थी। रणबीर कपूर को बॉलीवुड की नई जनरेशन का सबसे बेहतरीन कलाकार माना जाता है लेकिन उनकी पिछली कुछ फिल्में सिनेमाघरों मे दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब नहीं हो पायी थीं। जिस कारण हर कोई उनके स्टारडम पर सवाल उठाने लगा था।

हालांकि फिल्म 'संजू' ने बॉक्स ऑफिस पर 28 दिनों में जो आंकड़े दर्ज कराए हैं, उनसे यह साफ हो गया है कि यह बहुत ही जल्द बॉलीवुड की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन जाएगी। ट्रेड एक्सपर्ट तरन आदर्श के अनुसार 'संजू' ने अपने पहले चार हफ्तों में कुल मिलाकर 337.28 करोड़ रुपये का कारोबार कर डाला है। इसी के साथ यह बॉलीवुड की चौथी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है।

TRENDING NOW

इसके ऊपर अब सलमान खान की 'टाइगर जिंदा है', आमिर खान की 'पीके' और आमिर खान की ही 'दंगल' हैं। इन तीनों फिल्मों ने सिनेमाघरों में क्रमशा 339.16 करोड़ रुपये, 340.8 करोड़ रुपये और 387.38 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

अगर आप 'टाइगर जिंदा है' और 'पीके' की कमाई देखें तो आपको यह कहने में कोई झिझक नहीं होगी कि रणबीर कपूर की 'संजू' जल्द ही इन दोनों फिल्मों के आंकड़े पार कर जाएगी और बॉलीवुड की दूसरी सबसे कमाई फिल्म का खिताब अपने नाम कर लेगी।

देखिए हिन्दी सिनेमा की 10 सबसे कमाऊ फिल्में…

1. दंगल- 387.38 करोड़ रुपये
2. पीके- 340.8 करोड़ रुपये
3. टाइगर जिंदा है- 339.16 करोड़ रुपये
4. संजू: 337.28 करोड़ रुपये
5. बजरंगी भाईजान- 320.15 करोड़ रुपये
6. पद्मावत- 302.15 करोड़ रुपये
7. सुल्तान- 300.45 करोड़ रुपये
8. धूम 3- 284.27 करोड़ रुपये
9. किक- 231.85 करोड़ रुपये
10. चेन्नई एक्सप्रेस- 227.13 करोड़ रुपये

हालांकिं 'दंगल' के आंकड़े को पार करना अब 'संजू' के लिए थोड़ा मुश्किल होगा क्योंकि इस शुक्रवार को टॉम क्रूज की 'मिशन इम्पॉसिबल फॉलआउट' रिलीज हुई है। ट्रेड पंडितों के अनुसार इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरूआत की है, जिस कारण 'संजू' का कारोबार प्रभावित होगा। 'मिशन इम्पॉसिबल फॉलआउट' के साथ-साथ सिनेमाघरों में इस समय 'धड़क', 'सूरमा', 'साहेब बीवी और गैंगस्टर 3' और 'नवाबजादे' भी चल रही हैं। जिस कारण 'संजू' के दर्शक बंट जाएंगे।

बॉलीवुड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...