Shamshera Box Office Day 7: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और संजय दत्त की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक 'शमशेरा' 22 जुलाई को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को फिल्म क्रिटिक्स और दर्शकों की ओर से कुछ खास रिव्यू नहीं मिले, जिसका असर इसकी कमाई पर पड़ता दिखाई दे रहा है। लगभग 150 करोड़ के बजट के साथ बनी 'शमशेरा' एक हफ्ते में 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है। फिल्म की लगातार घटती कमाई को देखने के बाद निर्माताओं की चिंता बढ़ती जा रही है। ऐसे में फिल्म के 7वें दिन का कलेक्शन भी सामने आ गया है। फिल्म ने एक हफ्ते के अंदर 40 करोड़ रुपये कमाए हैं।
मशहूर ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने कुछ देर पहले अपने ट्विटर हैंडल पर रणबीर कपूर स्टारर 'शमशेरा' की कमाई के हफ्ते भर के आंकड़े साझा किए हैं। फिल्म ने शुक्रवार के दिन 10.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, शनिवार के दिन फिल्म 10.50 करोड़ रुपये ही कमा पाई। इसके बाद रविवार के दिन 11 करोड़ रुपये, सोमवार के दिन 2.90 करोड़ रुपये, मंगलवार को 2.40 करोड़ रुपये और बुधवार के दिन फिल्म केवल 1.90 करोड़ रुपये का कारोबार करने में सफल रही। ऐसे में अब फिल्म ने 7वें यानी गुरुवार के दिन मात्र 1.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। फिल्म अब तक 40.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर कर चुकी है।
#Shamshera collapses... The Week 1 numbers are a shocker... Fri 10.25 cr, Sat 10.50 cr, Sun 11 cr, Mon 2.90 cr, Tue 2.40 cr, Wed 1.90 cr, Thu 1.50 cr. Total: ₹ 40.45 cr. #India biz. pic.twitter.com/kmxpgAqEFF
— taran adarsh (@taran_adarsh) July 29, 2022
करण मल्होत्रा के निर्देशन में बनी फिल्म 'शमशेरा' में रणबीर कपूर और संजय दत्त के अलावा वाणी कपूर भी अहम किरदार में मौजूद हैं। फिल्म में रणबीर कपूर का डबल रोल है। इस फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स ने किया है। कई लोगों ने रणबीर कपूर स्टारर को फ्लॉप करार दे दिया है। आने वाले दिनों में ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी बड़ी मुश्किल से पार कर पाएगी। वैसे आपको ये फिल्म कैसी लगी? इस बारे में आप हमें कमेंट्स के जरिए भी बता सकते हैं।
Subscribe Now
Enroll for our free updates