Raja Shivaji Review
Raja Shivaji Review: रितेश देशमुख (Riteish Deshmukh) ने एक लंबे समय बाद बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी है. इस बार सबको हंसाने वाले रितेश देशमुख देशभक्ति की कहानी सुनाने निकले हैं. इनकी फिल्म 'राजा शिवाजी' (Raja Shivaji) बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो चुकी है. फिल्म में रितेश देशमुख के अलावा जेनेलिया देशमुख, विद्या बालन, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, सलमान खान, फरदीन खान जैसे सितारे भी नजर आए हैं. इन सभी सितारों ने मिलकर मराठा, मुगल और बीजापुर का साम्राज्य गढ़ा है. अगर आप ये फिल्म देखने के मन बना रहे हैं तो हमारी ये रिपोर्ट आपके लिए हैं. अपनी इस रिपोर्ट में हम आपको बताने वाले हैं कि फिल्म 'राजा शिवाजी' की कहानी आखिर क्या है और इस फिल्म में क्या क्या चीजें खास हैं.
रेटिंग: ⭐⭐⭐⭐(4)
फिल्म रिव्यू : रितेश देशमुख
निर्देशक : प्रियदर्शन
कास्ट : रितेश देशमुख, जेनेलिया देशमुख, विद्या बालन, अभिषेक बच्चन, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, महेश मांजरेकर, संजय दत्त, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते
अवधि : 3 घंटे 15 मिनट
फिल्म 'राजा शिवाजी' की कहानी शुरू होती है शिवाजी के बचपन से जब नन्हें शिवा के पिता को बीजापुर के सुल्तान के इशारे पर अगवा कर लिया जाता है. ये काम करने वाले शख्स का नाम है अफजल खान, जिसका किरदार संजय दत्त ने बखूबी निभाया है. सत्ता के इस खेल के बीच शिवाजी और उसका भाई अलग-अलग जगहों पर पलते हैं. बड़े होते होते, अफजल शिवाजी के भाई की जान ले लेता है. जिसके बाद शुरू होता है बदले का खेल… अब बदला लेने के लिए शिवाजी कैसे अफजल खान को अपने जाल में फंसाते हैं, यही फिल्म की कहानी है. फिल्म 'राजा शिवाजी' के डायलॉग आपके रोंगटे खड़े कर देंगे.
फिल्म 'राजा शिवाजी' में आपको तगड़ी स्टारकास्ट देखने को मिलती है. रितेश देशमुख से लेकर संजय दत्त तक, हर किसी ने अपने किरदार पर बारीकी से काम किया है. जहां विद्या बालन बीजापुर की बेगम बनकर जहर उगलती दिखीं वहीं अभिषेक बच्चन के ताबड़तोड़ एक्शन ने दिल जीत लिया. फिल्म में सलमान खान के कैमियो के बारे में तो हर कोई बात कर रहा है. हालांकि किसी ने नोटिस नहीं किया कि फिल्म 'राजा शिवाजी' में बोमन ईरानी ने भी एक छोटा सा किरदार निभाया है. फकीर बाबा बनकर बोमन ने ही ऐलान किया था कि अब अफजल की खैर नहीं… हालांकि फिल्म सेकेंड हाफ के बाद थोड़ी बोझिल लगने लग जाती है. इस दौरान फिल्म के एक्शन ने कहानी को डूबने से बचा लिया.
अब आप सोच रहे होंगे कि फिल्म 'राजा शिवाजी' को देखा जाना चाहिए या फिर नहीं... अगर आप इतिहास के पन्नों को पलटने में दिलचस्पी रखते हैं तो ये फिल्म आपके लिए है. फिल्म में स्वराज को बड़े ही प्यार से दिखाया गया है. 100 करोड़ के बजट की इस फिल्म की कहानी पर अच्छे से रिसर्च की गई है. ऐसे में फिल्म 'राजा शिवाजी' की बारिकियां आपको पसंद आएंगी. अगर आप एक्शन फिल्म देखने के शौकीन नहीं हैं तो आपको फिल्म 'राजा शिवाजी' से बचना चाहिए. हालांकि एक बात तय है कि फिल्म 'राजा शिवाजी' जैसी फिल्म आपको इस भीड़भाड़ भरी जिंदगी में कुछ तो सबक देकर जाएगी. एंटरटेनमेंट की ऐसी ही खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी…