आमिर खान ने गौरी के लिए कही ये बात
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने हमेशा अपनी शर्तों पर जिंदगी जी है. 60 साल की उम्र में उन्होंने बताया कि प्यार की कोई उम्र नहीं होती. इन दिनों आमिर गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्तों को लेकर सुर्खियों में हैं. उन्होंने पैपराजी के सामने डंके की चोट पर अपनी गर्लफ्रेंड का परिचय दिया. वहीं हाल ही में बेटे जुनैद की फिल्म ‘एक दिन’ के प्रीमियर पर उनके साथ हाथों में हाथ डाले पहुंचे तो लोग देखते रह गए. इस प्रीमियर के दौरान पूरा खान परिवार इरा खान, नुपूर शिखरे और जुनैद खान एक साथ नजर आए. सबसे ज्यादा ध्यान उस पल ने खींचा जब आमिर के बच्चे इरा और जुनैद, अपने पिता की गर्लफ्रेंड गौरी को गले लगाते दिखे. जिससे साफ हो गया कि आमिर के नए जीवन साथी को उनके बच्चों ने पूरे सम्मान के साथ स्वीकार कर लिया है.
एक इंटरव्यू में आमिर खान ने अपने मन की बात शेयर की. उन्होंने कहा कि 60 की उम्र में गौरी से मिलना उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है. आमिर ने कहा, "मैं खुशनसीब हूं कि गौरी मेरी जिंदगी में आईं. उनके आने से मुझे वो शांति और सुकून मिला है जिसकी मुझे तलाश थी. अब जाकर मैं मुकम्मल हुआ हूं." हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इसका मतलब यह नहीं कि उनकी एक्स पत्नियों (किरण राव और रीना दत्ता) के साथ उनका रिश्ता ठीक नहीं था, बस समय के साथ चीजें बदल गईं.
बातचीत के दौरान आमिर ने स्वीकार किया कि पिछले 30-35 सालों से वह केवल अपने काम के पीछे भागते रहे और इस चक्कर में अपने सबसे करीबी लोगों और बच्चों को समय नहीं दे पाए. आमिर ने बताया कि कोरोना काल उनके लिए एक आई-ओपनर साबित हुआ. काम बंद होने पर उन्हें एहसास हुआ कि वह अपने परिवार से कितने दूर हो गए थे. कोविड के उस दौर ने उन्हें जिंदगी को देखने का एक नया नजरिया दिया.
आमिर ने बड़ी ईमानदारी से कहा कि अपनी गलती मान लेने से कोई छोटा नहीं होता है. वह अब अपनी उन भूलों को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, जो उन्होंने सालों तक कीं. वह अब अपने बच्चों इरा और जुनैद के साथ अधिक समय बिताने पर काम कर रहे हैं. मिस्टर परफेक्शनिस्ट अब अपनी पर्सनल लाइफ को भी परफेक्ट बना रहें हैं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.