Also Read
विशाल भारद्वाज को शेक्सपियर के मशहूर नाटकों का देसीकरण कर उन्हें फिल्मों की शक्ल में पेश करने के लिए भी पहचाना जाता है। विशाल का क्राफ्ट जितना डिफरेंट होता है, उनकी फिल्मों के किरदार भी उतने ही डिफरेंट होते हैं। ऐसी ही उनकी एक फिल्म थी 'ओमकारा'। 'ओमकारा' का खाका विशाल ने शेक्सपियर के मशहूर नाटक ओथेलो को बैकड्रॉप में रखकर बुना था। अब एक दिलचस्प खबर आ रही है कि विशाल की इस फिल्म में आमिर खान लंगड़ा त्यागी का किरदार अदा करना चाहते थे, जिसको निभाने के बाद सैफ का करियर ही बदल गया था।
भले ही 'ओमकारा' फिल्म में लंगड़ा त्यागी के रोल में सैफ अली खान ने लोगों की खूब तारीफ हासिल की हो, लेकिन पहले बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट इस किरदार को करने के लिए लालायित थे। फिल्म के डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने हाल ही में इसका खुलासा खुद किया है। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक विशाल ने बताया- 'आमिर खान ने ही उन्हें शेक्सपियर के नाटक ओथेलो पर फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया था। वह खुद इस फिल्म में लंगड़ा त्यागी का रोल भी करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने कहा कि एक साल बाद हम इस फिल्म पर काम करना शुरू करेंगे। इससे पहले भी हम एक फिल्म में साथ काम कर रहे थे, लेकिन एक साल के भीतर ही कुछ मतभेदों के कारण फिल्म को बंद करना पड़ा।'
विशाल ने इसी बातचीत में कहा- 'जब ओमकारा की स्क्रिप्ट तैयार हुई, तब मैं आमिर के पास नहीं गया। मैं और ज्यादा इंतजार नहीं करना चाहता था, इसलिए मैं इस किरदार के लिए सैफ के पास गया। मुझे लगा कि अगर आमिर खान किसी रोल को करने के लिए इतना उत्साहित हैं, तो जरूर इसमें कोई बात होगी। जब सैफ के पास मैं स्क्रिप्ट लेकर पहुंचा, तो उनकी आंखों में इस रोल को करने के लिए एक चमक और भूख दिखी और यहीं से पूरी कहानी बदल गई।'
बहरहाल, अब आप जरा कल्पना कीजिए कि लंगड़ा त्यागी का किरदार आमिर प्ले करते तो आज ये किरदार सिल्वर स्क्रीन पर कैसे होता। बहरहाल, सैफ ने भी इस किरदार में जान फूंकने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। विशाल जल्द 'पटाखा' लेकर आ रहे हैं। हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया था था, जिकी खूब तारीफ हो रही है।