'मनमर्जियां' के प्रमोशन के दौरान अनुराग कश्यप ने कह दी ऐसी बात, नाराज हो गए अभिषेक बच्चन

हाल ही में फिल्म की टीम 'मनमर्जियां' के प्रमोशन के सिलसिले में एक इवेंट में पहुंची थी।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: August 28, 2018 11:09 AM IST

अभिषेक बच्चन, विक्की कौशल और तापसी पन्नू इन दिनों अपनी फिल्म 'मनमर्जियां' के प्रमोशन में मशगूल हैं। इस फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है। फिल्म के ट्रेलर और गानों को आॅडियंस की ओर से खासा सराहा जा रहा है। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन जहां सिख शख्स के किरदार में नजर आएंगे तो विक्की कौशल डीजे के किरदार में नजर आएंगे। विक्की का किरदार अब तक के उनके पिछले किरदारों के मुकाबले ज्यादा बोल्ड नजर आ रहा है।

हाल ही में फिल्म की टीम 'मनमर्जियां' के प्रमोशन के सिलसिले में एक इवेंट में पहुंची थी। यहां फिल्म की लीड स्टारकास्ट के साथ ही फिल्म के डायरेक्टर अनुराग कश्यप भी मौजूद थे। इस इवेंट में बातों-बातों में अनुराग और अभिषेक के बीच कुछ ऐसा हो गया कि जूनियर बच्चन बुरा मान गए। हालांकि, वह तुरंत फिर वापस अपने रंग में भी लौट आए। दरअसल फिल्म ‘मनमर्जियां’ के बारे में बात करते हुए अभिषेक अनुराग से पूछते हैं कि अनुराग यह बताओ तुमने इस फिल्म के लिए हम लोगों को कैसे कास्ट किया।

अभिषेक के इस सवाल का जवाब देते हुए अनुराग कहते हैं कि स्क्रिप्ट फाइनल करने के बाद सबसे पहले हमने रूमी के किरदार के लिए अभिनेत्री ढूंढनी शुरू की। हमें मालूम था कि रूमी फाइनल हो गई तो सब फाइनल हो जाएगा। मैंने तब तक तापसी की कोई फिल्म नहीं देखी थी। फिल्म की स्क्रिप्ट राइटर कनिका एक दिन मुझे तापसी से मिलवाने ले गई और मैंने तापसी से मुलाकात के बाद कनिका को साइड में ले जाकर कहा कि रूमी तो यही बनेगी। इसके बाद हमने विक्की कौशल को फाइनल किया और अंत में रॉबी के किरदार के लिए आपका चयन किया गया।

अनुराग की ये बात सुनते ही अभिषेक ने मजाकिया अंदाज में नाराज होते हुए कहा 'नेपो किड्स कम लास्ट हां......दिस इज नॉट फेयर'। बता दें कि अभिषेक नेपोटिज्म पर चुटकी ले रहे थे। इस बात को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं कि स्टारकिड्स को आसानी से मौके मिल जाते हैं और इसी सवाल पर अभिषेक व्यंग्य कर रहे थे। बहरहाल, फिल्म 14 सितंबर को रिलीज हो रही है। फिल्म के गानों को खूब पसंद किया जा रहा है।