अभिषेक बच्चन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म मनमर्जियां के प्रमोशन में मशगूल हैं। 14 सितंबर को रिलीज होने जा रही अनुराग कश्यप की इस रॉम कॉम फिल्म में अभिषेक बच्चन के साथ ही विक्की कौशल और तापसी पन्नू मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। अभिषेक दो साल बाद सिल्वर स्क्रीन पर वापसी कर रहे हैं और फिल्म को लेकर अब तक जो रिव्यू सामने आए हैं, उन्हें देखकर तो यही लग रहा है कि फिल्म काफी कमाल की बनी है।
'मनमर्जियां' अभिषेक बच्चन के करियर के लिए अहम फिल्म है। खराब फिल्मों की फेहरिस्त से जूझ रहे अभिषेक बच्चन के लिए 'मनमर्जियां' का हिट होना जरूरी है। आपको याद है जब अभिषेक की 'हैप्पी न्यू ईयर' रिलीज हुई थी, तब उनकी मां जया बच्चन ने ही इस फिल्म को खराब करार दे दिया था। अब अभिषेक ने खुद भी कुछ-कुछ ऐसी ही ईमानदारी दिखाई है। उन्होंने कहा कि अगर दर्शकों को उनकी एक्टिंग पसंद नहीं आती है तो वह दर्शकों की बुरी टिप्पणी सुनने को भी तैयार हैं।
अभिषेक बच्चन ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा- 'अगर आॅडियंस को मेरी एक्टिंग पसंद नहीं आती है तो मैं उनकी बुरी टिप्पणियां सुन सकता हूं। वे (आॅडियंस) मेरी फिल्म देखने के लिए पैसा खर्च कर रहे हैं, तो उन्हें इसका पूरा अधिकार है। सीधे मुझ पर कमेंट होने पर भी मुझे कोई समस्या नहीं है। मेरा काम दर्शकों का मनोरंजन करना है। मुझे आलोचकों और दर्शकों कीआलोचनाओं से कोई दिक्कत नहीं है।'
अभिषेक बच्चन आखिरी दफा 'हाउसफुल 3' में नजर आए थे। बता दें कि अनुराग कश्यप के निर्देशन में अभिषेक बच्चन पहली दफा काम कर रहे हैं। 'युवा' के बाद अनुराग कश्यप और अभिषेक बच्चन में लंबे समय तक बात नहीं होती थी, लेकिन आज दोनों अच्छे दोस्त हैं। बता दें कि अनुराग कश्यप अमिताभ बच्चन को भी 'मुरब्बा' में डायरेक्ट कर चुके हैं।