अभिषेक बच्चन तकरीबन चार साल पर सिल्वर स्क्रीन पर लौट रहे हैं। 21 सितंबर को उनकी फिल्म 'मनमर्जियां' रिलीज होने वाली है। इससे पहले वो अपने कमबैक को लेकर काफी सतर्क हैं और शायद इसीलिए फिल्म रिलीज से पहले कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। इससे पहले कि फिल्म का प्रमोशन शुरू हो और रिलीज की तारीख करीब आए, अभिषेक बच्चन भगवान के दर पर मत्था टिकाना नहीं भूले।
इसीलिए रक्षाबंधन के तुरंत बाद जूनियर बच्चन अमृतसर पहुंचे और उन्होंने स्वर्ण मंदिर के दर्शन किए। गुरुद्वारे में मत्था टिकाने के बाद अभिषेक ने सेवाभाव भी किया। अभिषेक बच्चन ने स्वर्ण मंदिर की एक फोटो शेयर कर इसकी जानकारी भी दी है। बता दें कि इस फिल्म में अभिषेक एक सिख लड़के के किरदार में है जिसकी अरेंज मैरिज एक ऐसी लड़की से हो जाती है जो किसी और से प्यार करती है। ये एक लव ट्रांयग्ल वाली फिल्म हैं।
फिल्म का ट्रेलर सामने आ चुका है और इसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है। अभी तक रिलीज हुए फिल्म के सभी गाने भी अच्छे हैं और नए दौर में फास्ट ट्रेक गानों के साथ सूफियाना अंदाज का फ्यूजन भी गजब है। फिल्म में अभिषेक बच्चन के अलावा तापसी पन्नू और विक्की कौशल भी अहम किरदार में है।
ट्रेलर- 'मनमर्जियां'
फिल्म का बैकग्राउंड पंजाबी है और पहली बार अभिषेक बच्चन ने सिख की भूमिका निभाई है। फिल्म में तापसी पन्नू ने एक बिंदास पंजाबी लड़की की भूमिका निभाई है जबकि विक्की कौशल एक गैर-जिम्मेदार पंजाबी मुंडे की भूमिका में है जो जिम्मेदारी लेने से बचता है। बीती दफा आखिरी बार हमने अभिषेक बच्चन को शाहरुख खान स्टारर फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' में देखा था। फिल्म में अभिषेक ने कॉमेडी रोल निभाया था जिसकी काफी आलोचना भी हुई थी। ये फिल्म साल 2014 को रिलीज हुई थी। इसके बाद जूनियर बच्चन 4 साल बाद स्क्रीन पर लौट रहे हैं इसीलिए इसे उनका कमबैक भी कहा जा रहा है।