अभिषेक बच्चन इन दिनों जोर-शोर से अपनी अपकमिंग फिल्म 'मनमर्जियां' के प्रमोशन में मशगूल हैं। तापसी पन्नू और विक्की कौशल जैसे सितारों के साथ पहली दफा स्क्रीन शेयर कर रहे अभिषेक के लिए इस फिल्म का हिट होना बेहद जरूरी है। अभिषेक आखिरी दफा साल 2016 में रिलीज हुई 'हाउसफुल 3' में नजर आए थे। 'हाउसफुल 3' ने जैसे-तैसे अपनी लागत तो निकाल ली थी, लेकिन इस फिल्म का फायदा अभिषेक के पहले से लड़खड़ा रहे करियर को नहीं मिला। अब अभिषेक ने अपनी दूसरी पारी में एक दफा फिर से बॉक्स आॅफिस की जंग जीतने के लिए कमर कस ली है और इस दफा उनकी फिल्म 'मनमर्जियां' उम्मीद भी जगा रही है।
अनुराग कश्यप की इस फिल्म में अभिषेक बच्चन एक सिख शख्स रॉबी के किरदार में नजर आने वाले हैं। दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक को लेकर जैसी खबरें सामने आ रही हैं, उससे तो यही लग रहा है कि स्टार अब बदल गया है। डीएनए की एक रिपोर्ट की मानें तो 'मनमर्जियां' के प्रमोशन के दौरान अभिषेक बच्चन के साथ केवल उनका मेकअप मैन और स्पॉट ब्वॉय ही होता है। आप सोच रहे होंगे तो इसमें ऐसा क्या खास है? चलिए आपको बता देते हैं कि स्टार्स के साथ प्रमोशन के दौरान 8 से 10 लोगों तक की टीम होती है, लेकिन अभिषेक ने यह फैसला प्रोड्यूसर्स को राहत देने के लिए खुद ही लिया है। दरअसल, स्टार्स के साथ चलने वाली इस टीम का पूरा खर्चा प्रोड्यूसर्स को ही उठाना पड़ता है।
इतना ही नहीं अभिषेक ने प्रोड्यूसर्स को सजेस्ट किया है कि यदि फिल्म के प्रमोशन के लिए पूरी टीम लो-बजट एयरलाइन्स से सफर करे तो इससे उन्हें बजट में ही रहने में मदद मिलेगी। भई अब अभिषेक बच्चन की इस बात से फिल्म के प्रोड्यूसर आनंद एल राय का तो दिल ही भर आया होगा। ऐसा होना भी चाहिए, क्योंकि आखिर सिल्वर स्पून के साथ पैदा हुए स्टार्स भला ऐसा करते ही कहां हैं? ऐसे कुछ ही संवेदनशील एक्टर हैं जो प्रोड्यूसर्स के बोझ को कम करने के लिए इस तरह के फैसले लेते हैं। खैर, आपको बता दें कि 'मनमर्जियां' 14 सितंबर को रिलीज हो रही है। इस फिल्म के गाने और ट्रेलर लोगों को पसंद आए हैं।