दर्शकों के बीच अपनी एक अच्छी साख बना चुके कलाकार सुनील ग्रोवर काफी लम्बे वक्त से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं। उनकी लोकप्रियता को बढ़ाने में कपिल शर्मा के कॉमेडी शो ने बहुत बड़ा योगदान दिया है। इसी शो के बाद वो घर-घर में पहचाने जाने लगे हैं। आज सुनील की लोकप्रियता का आलम यह है कि वो आज जो भी काम करते हैं, उनके फैंस उसके बारे में जानने के लिए उत्सुक रहते हैं। इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण बीते दिनों शुरू हुआ उनका नया वेब शो 'दन दना दन' है।
इस शो के साथ-साथ अब सुनील ग्रोवर बॉलीवुड डायरेक्टर विशाल भारद्वाज के साथ भी काम करने के लिए कमर कस रहे हैं। बॉलीवुड के गलियारों से आ रहीं ताजा खबरों की मानें तो विशाल भारद्वाज ने सुनील को अपनी नई फिल्म 'छुरियां' के लिए साइन किया है। फिल्म 'छुरियां' में सान्या मल्होत्रा, विजय राज और राधिका मदन जैसे कलाकार भी मुख्य किरदार निभाते दिखेंगे।
मुंबई मिरर से बात करते हुए विशाल भारद्वाज ने बताया है कि, ‘मुझे बहुत खुशी है कि मेरी फिल्म में विजय राज और सुनील ग्रोवर जैसे उम्दा कलाकारों की एंट्री हुई है। फिल्म छुरियां में सुनील का किरदार काफी महत्वपूर्ण है। हालांकि मुझे यह बात जानकर काफी हैरानी हुई कि सुनील ग्रोवर इतने बड़े स्टार हैं। वो दिल के बहुत अच्छे हैं। मैंने देखा है कि हर कोई उनके साथ बात करने के लिए उत्साहित रहता है और अब मैं उनके साथ शूट करने के लिए उत्साहित हूं।’
अगर फिल्म की शूटिंग की बात की जाए तो 'छुरियां' इस महीने के अंत तक शुरू हो जायेगी। बताया जा रहा है कि राधिका और सान्या को विशाल की इस फिल्म के लिए 10-12 किलो वजन बढ़ाना होगा। फिल्म की तैयारियों के बारे में बात करते हुए विशाल ने बताया है कि, ‘फिल्म के सभी कलाकारों ने राजस्थानी भाषा सीख ली है। क्योंकि इस फिल्म में म्यूजिक बहुत बड़ा योगदान देने वाला है तो मैं इसके लिए 5-6 गाने बना रहा हूं। इन गानों में दर्शकों को राजस्थानी रंग देखने को मिलेगा। इसके साथ-साथ फिल्म में एक जबरदस्त डांस नम्बर भी होगा।’
बॉलीवुड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...