Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

सिद्धार्थ के लिए 'अय्यारी' बनी डिजास्टर, डेब्यू फिल्म में 8 अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट होने के बाद भी डोल रहा करियर

'स्टूडेंट आॅफ दि ईयर' से ही सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ वरुण धवन और आलिया भट्ट ने भी अपना डेब्यू किया था। आज ये दोनों ही सितारे सिद्धार्थ के मुकाबले कहीं ज्यादा आगे खड़े हैं।

By: Gaurav Nauriyal  |  Published: February 20, 2018 3:58 PM IST

सिद्धार्थ के लिए 'अय्यारी' बनी डिजास्टर, डेब्यू फिल्म में 8 अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट होने के बाद भी डोल रहा करियर

धर्मा प्रोडक्शन की 'स्टूडेंट आॅफ दि ईयर' से बॉलीवुड में धमाकेदार डेब्यू करने वाले सिद्धार्थ मल्होत्रा के लिए हालिया रिलीज 'अय्यारी' डिजास्टर साबित हुई है। इस फिल्म को सिद्धार्थ की वापसी के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन फिल्म फ्लॉप होने की ओर बढ़ रही है। फिल्म पिछले चार दिनों में बॉक्स आॅफिस पर केवल 13.25 करोड़ रुपए ही बटोर सकी है। फिल्म की कमाई को देखकर तो यही लग रहा है कि सिद्धार्थ को करियर में आगे बढ़ने के लिए जिस फिल्म का इंतजार पिछले दो सालों से था, कम से कम वो फिल्म 'अय्यारी' तो नहीं है।

'अय्यारी' का टोटल बजट 60 करोड़ रुपए था। इस फिल्म ने पहले वीकएंड 11.75 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद से ही टिकट खिड़की पर यह फिल्म दर्शकों के लिए तरस रही है। रविवार के मुकाबले सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में 55% की गिरावट देखने को मिली है। ऐसा हाल तब है जब फिल्म में मनोज बाजपेई भी मौजूद हैं। ये फिल्म न केवल सिद्धार्थ के लिए महत्वपूर्ण थी, बल्कि बॉलीवुड में वापसी कर रही रकुल प्रीत सिंह को भी इस फिल्म से काफी उम्मीदें थी। हालांकि, रकुल तेलुगू और तमिल सिनेमा में बड़ा नाम बनती जा रही हैं, लिहाजा फिल्म के फ्लॉप होने से रकुल पर कोई खास फर्क नहीं पड़ने वाला। सिवाय इसके कि बॉलीवुड में उनकी स्वीकार्यता अभी तेलुगू सिनेमा की तरह बनने में वक्त लगेगा।

दो साल में सिद्धार्थ ने नहीं दी एक भी हिट
इस फिल्म के फ्लॉप होने से सबसे ज्यादा असर अगर पड़ेगा तो वह शख्स केवल सिद्धार्थ मल्होत्रा होंगे। वर्ष 2016 में रिलीज हुई 'कपूर एंड सन्स' के बाद से सिद्धार्थ ने अब तक एक भी हिट फिल्म नहीं दी है। ऐसे में 'अय्यारी' ने उनके फ्लॉप फिल्मों के ग्राफ को ही ऊपर ले जाने का काम किया है। सिद्धार्थ की पिछली तीन फिल्में 'इत्तेफाक', 'ए जेंटलमैन' और 'बार बार देखो' भी सिनेमाहॉल में कमाल नहीं दिखा सकी थी। लगातार फिल्मों के फ्लॉप होने से सिद्धार्थ के करियर पर इसका सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है।

डेब्यू फिल्म में मिले थे 8 नॉमिनेशन
सिद्धार्थ ने धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले 'स्टूडेंट आॅफ दि ईयर' से 2012 में अपना डेब्यू किया था। इस फिल्म ने बॉक्स आॅफिस पर शानदार कमाई की थी। फिल्म के लिए सिद्धार्थ को अलग-अलग फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट मेल एक्टर डेब्यू के लिए नॉमिनेट किया गया था। इसके अलावा 7 अन्य अवॉर्ड्स में भी सिद्धार्थ को अलग-अलग श्रेणियों में नॉमिनेट किया गया था। दिलचस्प बात यह है कि स्टारडस्ट में उन्हें 'सुपरस्टार आॅफ टुमॉरो' के लिए नॉमिनेट किया गया था, लेकिन आज हालत यह है कि सिद्धार्थ की फिल्में लगातार बॉक्स आॅफिस पर बुरा प्रदर्शन कर रही हैं। इसे देखकर तो यही लगता है कि जिसे संभावित सुपरस्टार के तौर पर देखा जा रहा था, वह स्टार अब अपनी चमक खो रहा है।

सिद्धार्थ के मुकाबले वरुण-आलिया निकले आगे
'स्टूडेंट आॅफ दि ईयर' से ही सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ वरुण धवन और आलिया भट्ट ने भी अपना डेब्यू किया था। आज ये दोनों ही सितारे सिद्धार्थ के मुकाबले कहीं ज्यादा आगे खड़े हैं। या यूं कह लीजिए कि वरुण धवन के साथ तो सिद्धार्थ का मुकाबला ही नहीं रहा। वरुण ने अपनी फिल्मों के दम पर बॉक्स आॅफिस पर खुद को हमेशा साबित किया है। वरुण की न केवल अपनी फैन फॉलोइंग है, बल्कि वो बड़े क्राउड पुलिंग भी बनते जा रहे हैं। अपने खुद के दम पर वरुण की फिल्में अच्छी कमाई कर उन्हें लगातार आगे बढ़ा रही हैं, जबकि सिद्धार्थ मल्होत्रा इस रेस में पीछे छूटते जा रहे हैं। इस बार सिद्धार्थ अपनी पहली फिल्म की तरह वरुण से जीतकर भी नहीं हार रहे, बल्कि ऐसा लग रहा है जैसे उनकी रेस ही ठीक से अब तक शुरू नहीं हुई है। 'सिद्धार्थ' के डगमगाते करियर को देखकर तो हम यही उम्मीद कर सकते हैं कि वह अब मजबूत स्क्रिप्ट पर ध्यान देकर दमदार वापसी करेंगे।


About the Author

Gaurav Nauriyal