VIDEO: आमिर खान ने एक दफा इमरान खान से कहा था- 'आपके जीतते ही पाकिस्तान आऊंगा', अब अली जफर ने दिया न्योता

आमिर की फिल्म से ज्यादा उनका अब उनके पाकिस्तान पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: July 26, 2018 6:50 PM IST

इन दिनों आमिर खान अपनी अपकमिंग फिल्म 'ठग्स आॅफ हिन्दोस्तान' में मशगूल हैं। ये एक बड़ी फिल्म है जिसका इंतजार पिछले लंबे समय से किया जा रहा है, लेकिन आमिर की फिल्म से ज्यादा उनका अब उनके पाकिस्तान पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। दरअसल हम ऐसा उस वीडियो के आधार पर कह रहे हैं, जिसमें आमिर खान ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और अब प्रधानमंत्री बनने जा रहे इमरान खान से पाकिस्तान आने का वादा किया था।

एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम के दौरान इमरान खान मंच पर थे और सामने कई सारी हस्तियों के साथ ही आमिर खान भी बैठे हुए थे। इसी दौरान जब आमिर खान की बोलने की बारी आई तब उन्होंने इमरान को शुभकामनाएं देते हुए कहा था- 'आप जो ख्वाब देख रहे हैं, मेरी तरफ से दुआएं हैं कि आप कामयाब हों इसमें। मेरी दुआएं हैं कि पाकिस्तान में ऐसी हुकूमत आए जो वाकई पाकिस्तान की प्रॉब्लम को सॉल्व कर सकें। जिसका इरादा हो कि पाकिस्तान में खुशहाली आए। यह न केवल पाकिस्तान के लिए बल्कि हम सबके लिए अच्छा होगा। मेरा दिल कहता है कि आप कामयाब होंगे... जब आपने शुरू किया था आपको कई चैंलेंज मिले, लेकिन आप टिके रहे। आप अपना ख्याल रखें।'

आमिर की ओर से मिली इन शुभकामनाओं के बाद इमरान खान ने कहा- '...लेकिन आपने भूलना नहीं है आना, इलेक्शन से पहले'। ये बातचीत 2012 में हुई थी। हालांकि, इसके तुरंत बाद 2013 में हुए पाकिस्तान असेंबली इलेक्शन में इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ बुरी तरह से हार गई थी। अब पांच साल बाद इमरान खान की पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है।

खैर, तब इसी बातचीत में आमिर ने इमरान के न्योते पर जवाब देते हुए कहा था- 'मैं दूसरी चीज कहूंगा। जब आप इलेक्शन जीतेंगे तब आपकी जीत को सेलिब्रेट करने के लिए मैं पाकिस्तान जरूर आऊंगा... और बहुत सारे भारतीयों को भी लेकर आऊंगा'। ये बात केवल हमें ही याद नहीं है बल्कि सिंगर अली जफर को भी याद है और अब उन्होंने आमिर खान को पाकिस्तान आने का न्योता भी दे दिया है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि 6 साल बाद आमिर अपने इस वादे पर टिके रहते हैं या फिर वक्त के करवट लेने के बाद आमिर ट्वीट या फिर फोन कर ही इमरान की इस बड़ी जीत पर शुभकामनाएं भेजते हैं।