Also Read
सैफ और अमृता सिंह की बेटी सारा अली खान की फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए मंगलवार को धर्मा प्रोडक्शन अच्छी खबर लेकर आया। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली 'सिम्बा' के लिए सारा को रणवीर सिंह के अपोजिट साइन किया गया है। यह फिल्म सारा की डेब्यू फिल्म भी हो सकती है। 'केदारनाथ' को लेकर चले विवाद के चलते सारा का करियर शुरू होने से पहले ही हिचकोले खाने लगा था, लेकिन अब बी-टाउन में स्टार किड लॉन्चर के रूप में पहचाने जाने वाले करण जौहर ने सारा का हाथ थाम लिया है।
रणवीर सिंह का मार्केट मौजूदा समय में शानदार चल रहा है और ऐसे में यदि 'सिम्बा' से सारा का बॉलीवुड डेब्यू होता है तो, निश्चित ही सारा की एंट्री धमाकेदार रहेगी। फिल्म के लीड एक्टर रणवीर सिंह ही नहीं डायरेक्टर रोहित शेट्टी की भी अपनी तगड़ी फैन फॉलोइंग है, जिसका लाभ फिल्म को मिलना तय माना जा है। हालांकि, इस रिपोर्ट में हम आपको कुछ और ही बताने वाले हैं। दरअसल 'सिम्बा' में सारा का रोल क्या होगा, यही हम बताने जा रहे हैं।
यह तो आप जानते ही हैं कि 'सिम्बा' जूनियर एनटीआर की हिट फिल्म 'टेंपर' का हिदी रीमेक है और रणवीर, जूनियर एनटीआर वाला ही किरदार इस फिल्म में निभाते हुए भी नजर आएंगे। फिल्म में रणवीर सिंह एक 'बदनाम' पुलिसकर्मी संग्राम सिम्बा भालेराव का किरदार निभाने जा रहे हैं, जबकि हमें लगता है कि सारा के हिस्से काजल अग्रवाल की भूमिका आ सकती है। ऐसा होता है और फिल्म की मूल कहानी में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किया जाता तो सारा एक एनिमल वेलफेयर ग्रुप की मेंबर के रूप में नजर आएंगी। 'टेंपर' में काजल अग्रवाल ने यही रोल अदा किया था।
कहानी जैसे बढ़ती है उस हिसाब से देखें तो एक एनकाउंटर के दौरान सिम्बा को सारा के किरदार से एकतरफा प्यार हो जाएगा और वह उसे इंप्रेस करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगा। 'सिम्बा' ऐसी स्थितियां पैदा करेगा कि सारा के किरदार को उससे प्यार हो जाए। सारा का किरदार 'सिम्बा' की बदनाम छवि को बदलता हुआ भी नजर आएगा। इस फिल्म में एक अन्य अभिनेत्री भी अहम किरदार निभाती हुई नजर आएंगी।
ऐसा भी संभव है कि 'टेंपर' में विलेन का किरदार निभाने वाले प्रकाश राज ही 'सिम्बा' में भी विलेन का किरदार अदा करते हुए नजर आएं। प्रकाश राज और रोहित शेट्टी पहले भी 'सिंघम' में साथ में काम कर चुके हैं और प्रकाश राज से बेहतर विलेन 'सिम्बा' के सामने हमें नहीं लगता कोई दूसरा होगा। बहरहाल रोहित इस फिल्म की शूटिंग मई में शुरू कर सकते हैं। फिल्म इसी साल 28 दिसंबर को रिलीज हो रही है। दिलचस्प बात यह है कि सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'दबंग 3' की रिलीज डेट भी 28 दिसंबर ही रखी गई है। ऐसे में यदि दोनों फिल्मों में से किसी एक की रिलीज डेट को बदला नहीं जाता है तो बॉक्स आॅफिस पर दो हार्डकोर एंटरटेनर का क्लैश होना तय माना जा रहा है।