Amitabh Bachchan Emotional Post on Kamini Kaushal Demise: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस कामिनी कौशल का शुक्रवार को 98 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया. उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने भी अपने ब्लॉग पर एक भावुक पोस्ट लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और अपने परिवार व कामिनी कौशल के परिवार के बीच के पुराने रिश्ते को याद किया.
बिग बी ने कामिनी कौशल को पुराने समय की सबसे प्यारी फैमिली फ्रेंड बताया और लिखा, 'वो सिर्फ एक बेहतरीन एक्ट्रेस नहीं थीं, बल्कि एक ऐसी शख्सियत थीं जिनकी मौजूदगी सभ को अपना बना लेती थी. अमिताभ बच्चन ने बताया कि कामिनी कौशल की बड़ी बहन और उनकी (अमिताभ बच्चन) मां क्लासमेट थीं जिनके बीच गंहरी दोस्ती थी. उन्होंने यह भी शेयर किया कि कामिनी कौशल की बड़ी बहन का एक एक्सीडेंट में निधन हो गया था, जिसके बाद उस दौर की परंपरा के अनुसार उनकी शादी उनके बहनोई से कर दी गई थी.
अमिताभ ने अपने पोस्ट में लिखा, 'एक बहुत ही प्यारी, स्नेही और प्रतिभाशाली कलाकार ने 98 साल में हमें छोड़ दिया. एक यादगार युग चला गया, सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के लिए ही नहीं, बल्कि हमारे मित्रों के समूह के लिए भी. एक-एक करके सभी हमें छोड़कर जा रहे हैं… यह बेहद दुखद समय है.'
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, कामिनी कौशल का अंतिम संस्कार वर्ली क्रिमेटोरियम में परिवार की मौजूदगी में किया गया. उनके बड़े बेटे विधुर ने अंतिम रस्में निभाईं. कामिनी कौशल 40, 50 और 60 के दशक की सबसे पॉपुलर अभिनेत्रियों में गिनी जाती थीं. उन्होंने अशोक कुमार, दिलीप कुमार, देव आनंद, राज कपूर और धर्मेंद्र जैसे दिग्गजों के साथ काम किया. उनकी पहली फिल्म 'नीचा नगर' (1946) भारतीय सिनेमा के इतिहास का गर्व है, जिसे कान्स फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड प्रिक्स मिला था. जो अब तक किसी भारतीय फिल्म को मिला सबसे बड़ा सम्मान है.
लंबे समय तक फिल्मों और टीवी में एक्टिव रहीं कामिनी कौशल की आखिरी फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' (2022) थी, जिसमें वो आमिर खान और करीना कपूर के साथ नजर आई थीं. उनके जाने से इंडस्ट्री ने एक ऐसा सितारा खो दिया है, जिसकी चमक हमेशा यादों में बरकरार रहेगी.