अनुराग डोभाल के पिता का बड़ा फैसला, बेटे को जायदाद से किया था बेदखल, मैनेजर ने सुनाई पूरी कहानी

अनुराग डोभाल का हाल पिछले कई दिनों से खराब चल रहा है. अनुराग ने एक्सीडेंट से कुछ दिन पहले एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अपने परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. वहीं अब उनके मैनेजर ने भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.

WrittenBy
By: Shreya Pandey | Published: March 10, 2026 7:45 PM IST

मशहूर मोटोव्लॉगर अनुराग डोभाल (UK07 Rider) इस वक्त अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. एक तरफ अस्पताल के बिस्तर पर शरीर की टूटी हड्डियां हैं, तो दूसरी तरफ अपनों से मिले जख्मों का गहरा दर्द. उनके मैनेजर रोहित पांडे ने हाल ही में अनुराग की निजी जिंदगी के उन काले पन्नों को बताया है, जिसे सुनकर सोशल मीडिया पर उनके फैंस सन्न रह गए हैं. आइए जानते हैं अनुराग डोभाल के एक्सीडेंट, पारिवारिक विवाद और जायदाद से बेदखल होने की पूरी हकीकत.

पिता का सख्त फैसला

मैनेजर रोहित ने साफ किया कि अनुराग और उनके पिता के बीच की दरार कोई नई बात नहीं है. यह विवाद तब शुरू हुआ जब अनुराग ने अपनी पसंद की लड़की रितिका से ' इंटर-कास्ट शादी करने का फैसला किया. जिसके बाद अनुराग के पिता ने पिछले साल ही अखबार में एक नोटिस छपवाकर यह घोषणा कर दी थी कि उनका अपने बेटे और बहू से अब कोई रिश्ता नहीं है. पिता ने न केवल रिश्ता तोड़ा, बल्कि अनुराग को पूरी तरह से संपत्ति से बेदखल कर दिया. अनुराग ने अपनी मां के नाम पर 2.5 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी भी खरीदी थी, लेकिन विवादों के बीच उसे भी बेचना पड़ा.

परिवार ने नहीं दिया साथ

रोहित के मुताबिक, अनुराग ने अपने पिता के सामने सिर पटक-पटक कर सुलह की भीख मांगी थी, लेकिन परिवार का दिल नहीं पसीजा. शादी के बाद का सफर अनुराग और रितिका के लिए किसी खराब सपने जैसा था. ससुराल वालों ने रितिका को घर की दहलीज पार करने तक नहीं दी. शादी की कोई भी रस्म नहीं हो पाई और रितिका को रिजॉर्ट में शरण लेनी पड़ी. हार मानकर इस जोड़े ने मनाली में अपनी नई दुनिया बसाई.

जब परिवार से जुड़ने के सारे रास्ते बंद हो गए, तो गुस्से और हताशा में आकर अनुराग और रितिका ने माता-पिता के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा दिया. मैनेजर का मानना है कि यह कदम किसी लालच में नहीं, बल्कि बदले की भावना और मानसिक तनाव में आकर उठाया गया था. मैनेजर ने खुलासा किया कि एक्सीडेंट से कुछ देर पहले ही अनुराग ने उन्हें फोन किया था. उन्होंने कहा था, "मुझे बहुत घुटन महसूस हो रही है, ताजी हवा चाहिए, इसलिए बाहर जा रहा हूं." इसके बाद लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान उनका भयानक एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई.

8 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी का हाल

अनुराग की पत्नी रितिका इस वक्त 8 महीने की प्रेग्नेंट हैं. इस नाजुक हालत में भी वह अस्पताल में पल-पल अपने पति के साथ खड़ी हैं. रोहित ने उन इन्फ्लुएंसर्स को भी आड़े हाथों लिया जो इसे व्यूज के लिए ड्रामा बता रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि अनुराग को इस वक्त पॉपुलैरिटी की नहीं, सिर्फ दुआओं और सेहत की जरूरत है. फिलहाल 50 से ज्यादा करीबी दोस्त और समर्थक अस्पताल में अनुराग की ढाल बनकर खड़े हैं. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.