'युवा' में अनुराग कश्यप को पसंद नहीं आया था अभिषेक बच्चन का काम, कई सालों तक नहीं हुई दोनों की बात

इस एक घटना के बाद अनुराग कश्यप और अभिषेक बच्चन की करीब 10-15 सालों तक बात ही नहीं हुई।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: September 4, 2018 6:19 PM IST

अभिषेक बच्चन, तापसी पन्नू और विक्की कौशल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'मनमर्जियां' के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। अनुराग कश्यप की 'मनमर्जियां' अगले शुक्रवार को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में इन दिनों फिल्म की टीम अलग-अलग इवेंट में पहुंच रही है, जहां से कई दिलचस्प कहानियां भी सामने आ रही हैं। 'मनमर्जियां' की स्टारकास्ट की जब घोषणा की गई थी, तब लोगों के लिए सबसे ज्यादा हैरत की बात यह थी कि अनुराग ने भला कैसे अभिषेक बच्चन को कास्ट किया! दरअसल अनुराग और अभिषेक बच्चन के रिश्ते एक दौर में सामान्य नहीं थे। दोनों 10-12 सालों तक एक-दूसरे से बात भी नहीं करते थे।

दोनों के रिश्ते 'युवा' की रिलीज के बाद खराब हो गए थे। 2004 में जब 'युवा' रिलीज हुई थी तब अनुराग कश्यप को अभिषेक बच्चन का काम पसंद नहीं आया था। अनुराग इस फिल्म के राइटर थे और उन्होंने अभिषेक के काम की खुलकर अपने ब्लॉग में आलोचना की थी। अनुराग को लगता था कि इस किरदार को और दिलचस्प ढंग से अदा किया जा सकता था। इसके उलट मणिरत्नम की 'युवा' में अभिषेक बच्चन के काम की हर कोई सराहना कर रहा था।

अभिषेक ने इस फिल्म में लल्लन नाम का किरदार अदा किया था। अभिषेक बच्चन को ये बड़ा अजीब लगा कि फिल्म का राइटर उनके काम की सरेआम आलोचना कर रहा है। इस घटना के बाद अनुराग कश्यप और अभिषेक बच्चन की करीब 10-15 सालों तक बात ही नहीं हुई। दोनों एक-दूसरे को इग्नोर करते थे। यही वजह है कि जब अनुराग की 'मनमर्जियां' में अभिषेक बच्चन की एंट्री हुई तो कई लोग चौंक भी गए थे।

हालांकि, अब जबकि दोनों एक ही फिल्म में साथ में काम कर चुके हैं, तो दोनों की धारणाएं भी एक-दूसरे को लेकर बदल गई हैं। अब दोनों अच्छे दोस्त हैं और एक-दूसरे के क्राफ्ट की तारीफ भी कर रहे हैं। 'मनमर्जियां' के बाद अनुराग कश्यप अभिषेक बच्चन की अगली फिल्म 'गुलाब जामुन' को प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खबरें तो यहां तक हैं कि ऐश्वर्या राय बच्चन को 'गुलाब जामुन' की स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई है कि उन्होंने इसके लिए संजय लीला भंसाली की फिल्म तक को छोड़ दिया है।