'परी' का ट्रेलर हुआ रिलीज, दिल दहला देगा अनुष्का शर्मा का डरावना अंदाज

होली के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी यह फिल्म...

WrittenBy
By: Garima Singh | Published: February 15, 2018 11:59 AM IST

अनुष्का शर्मा की नई फिल्म ‘परी’ पिछले कई दिनों से सुर्खियाँ बटोरने में लगी हुई है। आए दिन इस फिल्म के पोस्टर और वीडियो को देखकर दर्शक इस फिल्म के ट्रेलर को देखने के लिए उत्सुक हो गए थे। बता दें कि इंतजार घड़िया अब खत्म हो चुकी है और थोड़ी देर पहले ही इस फिल्म के ट्रेलर को रिलीज कर दिया गया है।

बात की जाए ट्रेलर की तो इसमें अनुष्का के किरदार को इंट्रोड्यूस करते हुए एक आवाज सुनाई देती है कि, 'बहार आई है उसपे, जिस काम के लिए वह बनी है वो...वो काम समझो हो गया।' ट्रेलर में अनुष्का काफी डरी सहमी सी लग रही है और लोगों से मदद की गुहार लगा रही हैं और जब परमब्रता चटर्जी की मुलाकात उनसे होती है तो वह उनकी मदद करने के लिए आगे बढ़ते है लेकिन उनके घरवाले अनुष्का के मामले में पड़ने से उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं। वह सभी बातों को पीछे छोड़कर अनुष्का की मदद करने का फैसला करते हैं और ट्रेलर को देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि इसके बाद उनकी मुश्किलें बढ़ जाएंगी।

बता दें कि 1 मिनट और 34 सेकंड के ट्रेलर में कुछ ऐसे सीन है, जिसे देखकर शायद आप कांप उठे। बालकनी की बाउंडी पर बैठकर और छत से उल्टे होकर कमरे में जिस तरह से अनुष्का झांक रही है, इसे देखकर कहा जा सकता है कि फिल्म के निर्देशक प्रॉसित ने इस फिल्म के सीन को काफी बारीकी से लिखा है। वैसे यह कहना गलत नहीं होगा कि बॉलीवुड की हॉरर फिल्मों को देखकर निराश होने वाले दर्शक इस फिल्म को खूब पसंद करेंगे और काफी हद तक उनकी शिकायत दूर भी हो जाएगी।

बता दें कि इस फिल्म का निर्देशन प्रॉसित राय ने किया है। इससे पहले प्रॉसित फिल्लौरी, ऑल इज वेल और दिल्ली 6 जैसी फिल्मों के असिस्टेंट डायरेक्टर रह चुके हैं। निर्देशक के तौर पर अनुष्का की परी उनकी पहली फिल्म है। इसके अलावा फिल्म में परमब्रता चटर्जी मुख्य भूमिका में है और इससे पहले वह विद्या बालन की फिल्म कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। यह फिल्म होली के मौके पर रिलीज होगी। वैसे आपको परी का ट्रेलर कैसा लगा? कमेंटबॉक्स में जरुर बताएं।