Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

'परी' से बदलेगी बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों की तस्वीर, अनुष्का ने जारी किया नया पोस्टर

बॉक्स आॅफिस पर ठीक-ठाक कारोबार करने में सफल रहती है तो आगे भी इस जॉनर की कुछ अच्छी फिल्में बॉलीवुड में बन सकती हैं, बशर्ते अनुष्का की 'परी' सचमुच में 'फेयरी टेल' भर ही साबित न हो।

By: Gaurav Nauriyal  |  Published: February 22, 2018 2:58 PM IST

'परी' से बदलेगी बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों की तस्वीर, अनुष्का ने जारी किया नया पोस्टर

अनुष्का शर्मा की अपकमिंग मूवी 'परी' को लेकर लोगों की उत्सुकता बरकरार है। अनुष्का ने एक बार फिर से इस फिल्म का नया पोस्टर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। इस पोस्टर में अनुष्का के चेहरे पर कई जगह कट के साथ ही खून के छींटे नजर आ रहे हैं। इस पोस्टर को शेयर करते हुए अनुष्का ने लिखा- 'अपनी आंखों को खोलकर रखें, वह आपको ब्लिंक नहीं करने देगी'। इससे पहले भी फिल्म के कई पोस्टर और ट्रेलर जारी हो चुके हैं।

2 मार्च को रिलीज हो रही 'परी' अनुष्का शर्मा के ही होम प्रोडक्शन की फिल्म है। फिल्म का ट्रेलर भी फिलहाल दिलचस्प लग रहा है। ये पहला मौका है जब किसी ए लिस्टर एक्टर ने अपने करियर के पीक पर इस तरह की फिल्म का चुनाव किया है। ऐसे में 'परी' को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ जाती हैं। अब तक चुलबुले और आम शहरी किरदारों में नजर आई अनुष्का को पर्दे पर खून से लथपथ देखना भी नया अनुभव हो सकता है।


बॉलीवुड में बदल सकती है हॉरर फिल्मों की तस्वीर

अनुष्का की ये फिल्म न केवल दर्शकों में उत्सुकता जगा रही है, बल्कि 'परी' बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों के निर्माण को भी नए सिरे से स्थापित कर सकती है। भारत में हॉरर फिल्मों की अपनी एक बड़ी आॅडियंस है, जो फिलहाल हॉलीवुड की फिल्मों पर ही ज्यादा निर्भर है। हालांकि, परी से पहले भी बॉलीवुड में हॉरर फिल्में बनी हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश मजाक ही ज्यादा बनकर रह गई।

रामगोपाल वर्मा और विशेष फिल्मस ने की कोशिश
बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए रामगोपाल वर्मा और विशेष फिल्म्स ने कोशिशें जरूर की, लेकिन एक-दो को छोड़कर ये फिल्में बॉक्स पर कोई खास करिश्मा नहीं कर सकी। इसके पीछे ए लिस्टर्स एक्टर्स का न होना भी एक बड़ी वजह हो सकता है, लेकिन यह भी सच है कि बॉलीवुड में बनी अधिकांश हॉरर फिल्में दर्शकों को डराने में कामयाब नहीं हो सकी। कई दफा तो दर्शक सिनेमाहॉल से बाहर निकलते हुए फिल्म का मजाक उड़ाते तक नजर आए।

इन हॉरर फिल्मों के भारत में भी हैं दीवाने
हॉलीवुड की हॉरर फिल्मों की चर्चा भारत में भी खूब होती रही है। इस जॉनर की फिल्मों को पसंद करने वाले दर्शक हॉलीवुड की ओर ही टकटकी लगाए हुए नजर आते हैं। 'दि कॉन्ज्यूरिंग', 'आॅर्फन', 'दि अदर्स', 'इनसीडियस', 'अ नाइटमेयर आॅन दि एल्म स्ट्रीट', 'एनाबेल', 'दि एक्जॉर्सिस्ट', 'लेट मी इन', 'दि साइलेंस आॅफ दि लैंब्स' ऐसी ही कुछ हॉरर फिल्में हैं, जिन्होंने भारतीयों को अपने क्राफ्ट और डरावनी कहानियों का दीवाना बना दिया था।

कमाई करने में नाकाम रहती हैं बॉलीवुड की हॉरर फिल्म
बॉलीवुड की ज्यादातर हॉरर फिल्म कमाई के मामले में पिछड़ जाती हैं, जबकि हॉरर हॉलीवुड में हिट जॉनर है। बड़े फिल्ममेकर्स के हॉरर फिल्मों का निर्माण करने के चलते भी ये फिल्में बंपर कमाई करती हैं। इसके अलावा वीएफएक्स, स्क्रिप्ट और डरावने बैकग्राउंड स्कोर हॉलीवुड की हॉरर फिल्मों की लोकप्रियता को और बढ़ा देती है। इतना ही नहीं हॉलीवुड में हॉरर फिल्मों के निर्माण में भी अच्छा—खासा बजट खर्च किया जाता है, जबकि बॉलीवुड इस माामले में अभी तक कंजूस ही ज्यादा रहा है।

बहरहाल, ऐसे में देखें तो अनुष्का शर्मा की फिल्म बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों के प्रति फिल्ममेकर्स की दिलचस्पी को बढ़ा सकती है। फिल्म अगर बॉक्स आॅफिस पर ठीक-ठाक कारोबार करने में सफल रहती है तो आगे भी इस जॉनर की कुछ अच्छी फिल्में बॉलीवुड में बन सकती हैं, बशर्ते अनुष्का की 'परी' सचमुच में 'फेयरी टेल' भर ही साबित न हो।


About the Author

Gaurav Nauriyal