सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी महिला प्रधान फिल्में बनने लगी हैं और दिन ब दिन उनकी लोकप्रियता भी बढ़ रही है। पहले जहां फिल्मों में सिर्फ मेल एक्टर को ही तरजीह दी जाती थी और फिल्में जहां उनके किरदार को ध्यान में रखकर गढ़ी जाती थी वहीं अब समय बदल रहा है। अब फिल्मों में मेल ही नहीं फीमेल एक्ट्रेस को भी उतनी ही तरजीह दी जा रही है और फिल्में उन पर केंद्रित होकर भी बनाई जा रही हैं। और ऐसा सिर्फ हिंदी फिल्मों में ही नहीं हो रहा है बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी महिला प्रधान फिल्में बन रही हैं और उनके रोल को भी अहमियत मिलने लगी हैं।
नयनतारा
तमिल एक्ट्रेस नयनतारा इन्हीं एक्ट्रेस में से एक हैं। हाल ही में ये एक्ट्रेस एक हॉरर फिल्म में नजर आईं, ये ज्यादा चली तो नहीं लेकिन नयनतारा ने कई महिला प्रधान फिल्में की है और तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है। नयनतारा ने पानी की समस्या और सूखे पर आधारित एक कन्नड़ फिल्म में भी काम किया था जिसे खूब सराहा गया था और उन्हें कॉलीवुड की सुपर स्टार कहा जाने लगा।

अदिती बालन
अदिती बालन की फिल्म आरुवी एक सुपरहिट साउथ फिल्म रही। इस फिल्म ने अपने बजट से 35 फीसदी अधिक कमाई की। इस फिल्म ने अदिती बालन को सफलता के एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया है।

ज्योतिका
साउथ स्टार ज्योतिका ने फिल्म नाचीयार में एक पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में उनके किरदार की खूब तारीफ की गई थी। हालांकि फिल्म में एक्टर जीवी प्रकाश का भी बराबर का ही रोल था लेकिन उसके बावजूद ज्योतिका का किरदार फिल्म में हावी रहा।

अनुष्का शेट्टी
बाहुबली की एक्ट्रेस अनुष्का शेट्टी को कौन भूल सकता है। हालांकि फिल्म 'बाहुबली' पुरुष प्रधान फिल्म थी और साउथ स्टार प्रभास का किरदार ज्यादा असरदार था लेकिन देवसेना के किरदार में अनुष्का शेट्टी ने कमाल कर दिखाया था। फिल्म में उन्होंने बूढी औरत और राजकुमारी देवसेना के रोल को बेहतरीन तरीके से निभाया था। फिल्म देखने के बाद अनुष्का शेट्टी और प्रभास दोनों जहन में बस जाते हैं। इसके अलावा अनुष्का शेट्टी ने 'भागमिता' फिल्म में भी अहम किरदार निभाया था और एक बार फिर अपनी बेहतरीन एक्टिंग का आभास कराया था।

पार्वती
कौन कहता है कि मलयालम फिल्मों में महिला प्रधान फिल्में नहीं बनती, ऐसा है तो फिल्म 'टेक ऑफ' देख लेनी चाहिए। पार्वती स्टारर इस फिल्म को रिलीज से पहले ही तारीफें मिलनी लगी थीं। एक्ट्रेस पार्वती ने इस फिल्म में कमाल की एक्टिंग की और अपने बेहतरीन अभिनय से सबको चौंका दिया था।

अब ऐसा नहीं है कि बॉलीवुड की एक्ट्रेस ही साउथ का रुख करती हैं। कई एक्ट्रेस हैं जो साउथ से बॉलीवुड का रुख कर रही हैं। रकुल प्रीत सिंह, एमी जैक्सन और असिन इन्हीं में से एक हैं और इन सभी एक्टर्स ने अपनी एक्टिंग का लोहा साउथ फिल्मों में मनवाया है। जिसके चलते साउथ में भी महिला प्रधान फिल्में बन भी रही हैं और दर्शक इन्हें खूब पसंद भी कर रहे हैं।