बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन (Ajay Devgn) और तब्बू (Tabu) की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आती है। अब जल्द ही यह दोनों फिल्म 'औरों में कहां दम था' में रोमांस करते नजर आएंगे। नीरज पांडे के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक म्यूजिक फिल्म है, जिसमें अजय देवगन और तब्बू के अलावा एक्ट्रेस शांतनु माहेश्वरी, साई मांझरेकर और जिमी शेरगिल लीड रोल में नजर आएंगे। बीते दिन इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जो फैंस को काफी पसंद आ रहा है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान अजय देवगन और तब्बू ने 50 की उम्र में रोमांस और लव स्टोरीज को लेकर अपने विचार साझा किए।
एक्ट्रेस तब्बू ने 50 की उम्र में रोमांस करने को लेकर कहा, "रोमांस केवल युवाओं या फिर एक निश्चित आयु वर्ग तक ही सीमित नहीं है। मुझे नहीं लगता है कि जब आप रोमांस, प्यार और रिश्तों के बारे में बात करते हैं तो कोई बाधा होती है। वास्तव में मुझे लगता है कि कोई भी फिल्म प्यार और रोमांस से ज्यादा एक रिलेशनशिप के बारे में है और मानवीय रिश्ते सबसे दिलचस्प चीज है, जो सिनेमा को मिली है।" तब्बू ने आगे कहा कि रिश्तों को कहां से कहां तक ले जाया जाए उसका कोई अंत नहीं है। साथ ही प्यार और रोमांस मानवीय रिश्तों का हिस्सा हैं।
वहीं 'औरों में दम कहां था' के ट्रेलर लॉन्च पर एक्टर अजय देवगन ने कहा कि प्यार और भावनाएं समय के साथ और भी ज्यादा गहरी होती चली जाती हैं। बता दें कि नीरज पांडे के निर्देशन में बनी फिल्म 'औरों में कहां दम था' में 2002 से 2023 के बीच की प्रेम कहानी को दर्शाया जाएगा, जिसमें अजय देवगन और तब्बू के यंग रोल में शांतनु माहेश्वरी और साई मांझरेकर नजर आएंगे। इस फिल्म में एक्टर जिमी शेरगिल भी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह तब्बू और अजय देवगन की साथ में 10वीं फिल्म है। इससे पहले अजय देवगन और तब्बू 'भोला', 'दृश्यम' जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं।