कभी नहीं बनेगी 'हेरा फेरी 3'?
राजू, श्याम और बाबू भैया की आइकोनिक तिकड़ी को दोबारा पर्दे पर देखने का सपना देखने वाले फैंस के लिए एक दिल तोड़ने वाली खबर सामने आई है. अक्षय कुमार ने हाल ही में 'हेरा फेरी 3' की स्थिति पर जो खुलासा किया है, उसने इस कल्ट कॉमेडी फ्रेंचाइजी के भविष्य पर सवाल खड़ा कर दिया है. काफी समय से चर्चा थी कि फिल्म की स्क्रिप्ट और कास्टिंग फाइनल हो चुकी है, लेकिन अक्षय के ताजा बयान ने कहानी ही बदल दी है.
एक इंटरव्यू के दौरान अक्षय कुमार ने साफ बताया कि फिल्म अभी निर्माण के किसी भी चरण में नहीं है. उन्होंने कहा, "फिलहाल, इसका निर्माण नहीं हो रहा है." जब उनसे पूछा गया कि फैंस को लगा था कि पर्दे के पीछे सब सुलझ गया है, तो अक्षय ने दो टूक शब्दों में कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ है. अक्षय ने खुद स्वीकार किया कि फिल्म के न बनने से वह खुद भी उतने ही निराश हैं जितने उनके चाहने वाले. फिल्म के फ्लोर पर न जा पाने की वजह कोई आपसी अनबन नहीं, बल्कि गंभीर कानूनी और प्रोडक्शन संबंधी दिक्कतें हैं.
'सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल' ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया है कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के पास इस फ्रेंचाइजी के अधिकार ही नहीं हैं. इससे पहले परेश रावल भी कॉन्ट्रैक्ट संबंधी असहमति के कारण पीछे हट गए थे, हालांकि बाद में वह लौट आए. अक्षय ने हिंट दिया कि कुछ ऐसी बातें हैं जिन पर वह कैमरे के सामने बात नहीं कर सकते, जो फिल्म की राह में बड़े रोड़े अटका रही हैं.
अक्षय ने उन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया कि यह फिल्म कलाकारों के व्यस्त शेड्यूल या आपसी मतभेदों की वजह से रुकी है. उन्होंने सबूत के तौर पर बताया कि वह, सुनील शेट्टी और परेश रावल पहले से ही 'वेलकम टू द जंगल' में साथ काम कर रहे हैं. यानी दोस्ती बरकरार है, बस फिल्म की किस्मत में अभी 'हेरा फेरी' लिखी नहीं है.
अक्षय ने साफ कर दिया कि कम से कम 2027 तक तो फिल्म शुरू होने की कोई संभावना नहीं है. उन्होंने मजाकिया लेकिन भावुक अंदाज में कहा, "उम्मीद है कि यह फिल्म हमारे बूढ़े होने से पहले बन जाए." फिलहाल अनीस बजमी और प्रियदर्शन जैसे निर्देशकों के नाम भी केवल चर्चाओं तक ही सीमित रह गए हैं. 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी अक्षय के दिल के बेहद करीब है, लेकिन प्रोडक्शन और कानूनी विवादों ने इस प्रोजेक्ट को अधर में लटका दिया है. ऐसी ही एंटरटेनमेंट खबरों को जानने के लिए पढ़ते रहिए बॉलीवुडलाइफ हिंदी.