टीवी इंडस्ट्री के लिए गुरुवार का दिन बेहद ही खास होता है। एक हफ्ते के इंतजार के बार ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउसिंल द्वारा जारी किया टीआरपी लिस्ट जहां कई चेहरों पर खुशियां ले आता है वहीं कई सीरियल को काफी तगड़ा झटका लग जाता है। कई दफा तो ये लिस्ट जस का तस ही रहती है लेकिन कई बार पूरी लिस्ट चौंकाने वाली होती है। बता दें कि इस साल के 29 वें हफ्ते की टीआरपी लिस्ट सामने आ चुकी है।
बीते कई हफ्तों से पहले पायदान पर राज करने वाली नागिन ने (3) इस बार भी धमाल मचाया है। वहीं बालिका बधु फेम शशांक व्यास की एंट्री के बाद से सीरियल रुप- मर्द का नया स्वरुप को काफी फायदा हुआ है। वहीं बात की जाए करिश्मा तन्ना और विवेक दहिया के शो कयामत की रात और इंडियन आइडल की तो जहां बीते हफ्तों में इन दोनों ही शो ने अच्छा प्रदर्शन किया था वहीं इस बार टॉप 10 की लिस्ट से इन दोनों का नामोनिशान गायब है। आइए नजर डालते है इस हफ्ते के टॉप 10 शोज पर...
नागिन 3
बीते कई हफ्तों से बाकी सीरियल की नीदें उड़ाने वाला यह शो इस बार भी पहले नम्बर पर विराजमान है। इस हफ्ते की टीआरपी लिस्ट से साफ है कि जामिनी चुड़ैल, विश खन्ना और बेला के बीच की तनातनी लोगों को खूब पसंद आ रही है।
कुंडली भाग्य
जहां बीते हफ्ते इस नम्बर पर तारक मेहता का उल्टा चश्मा था वहीं इस बार कुंडली भाग्य ने फिर से इस नम्बर को अपने नाम कर लिया है।
कुमकुम भाग्य
कुंडली भाग्य की तरह ही कुमकुम भाग्य को भी इस बार राहत मिली है। इस बार सृति झा और शब्बीर आहलूवालिया का यह शो एक पायदान ऊपर खिसका है।
तारक मेहता का उल्टा चश्मा
बीते हफ्ते तारक मेहता का उल्टा चश्मा दूसरे पायदान पर था वहीं इस बार यह शो चौथे पायदान पर है। बता दें कि बीते दिनों कवि कुमार आजाद के निधन से इस दर्शकों को झटका लगा था। फिलहाल तो खबरें है कि अब डॉक्टर हाथी के किरदार में निर्मल सोनी नजर आ सकते है।
डांस दीवाने
पिछले हफ्ते के मुकाबले इस बार डांस दीवाने को लोगों ने काफी पसंद किया है। माधुरी दीक्षित और शशांक खैतान के इस शो में टैलेंट की खान है। बीते हफ्ते इस शो पर दोस्ती थीम ने खूब धमाल मचाया था और इस दौरान करण जौहर स्पेशल गेस्ट के तौर पर दिखे थे।
ये रिश्ता क्या कहलाता है
ये रिश्ता क्या कहलाता है बीते दो हफ्ते से नीचे खिसकता जा रहा है। खैर इस बार यह सीरियल एक पायदान ऊपर आया है। जहां नायरा और कार्तिक की जुदाई ने इस सीरियल की टीआरपी पर वार किया है वहीं अब सुनने में आ रहा है कि जल्द ही दोनों मिल भी जाएंगे।
इश्क सुभान अल्लाह
इश्क सुभान अल्लाह जहां बीते हफ्ते 6वें पायदान पर था वहीं इस बार यह शो दो पायदान नीचे खिसक चुका है।
कुल्फी कुमार बाजेवाला
कुल्फी कुमार बाजेवाला हमेशा की तरह खुद को टॉप 10 में बनाए हुए है।
शक्ति- अस्तित्व के एहसास की
पिछले हफ्ते की तरह ही इस बार भी रुबीना दिलाइक का यह सीरियल 9वें पायदान पर विराजमान है।
रुप- मर्द का नया स्वरुप
इस बार टीआरपी लिस्ट में इस सीरियल ने धमाकेदार एंट्री मारी है और इसका पूरा श्रेय शशांक व्यास को जाता है। दरअसल रुप अब बड़ा हो चुका है और बड़े रुप के रुप में शशांक इस सीरियल में नजर आ रहे है।