Also Read
'निल बटे सन्नाटा' और 'बरेली की बर्फी' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुकी फिल्ममेकर अश्विनी अय्यर तिवारी ने अपनी नई फिल्म की घोषणा कर दी है। फिल्म का का टाइटल होगा 'पंगा'। फिल्म का टाइटल जितना मजेदार है, इसकी घोषणा भी अश्विनी अय्यर तिवारी ने उतने ही दिलचस्प ढंग से की है। अश्विनी की इस फिल्म में कंगना रनौत और नीना गुप्ता जैसी दिग्गज अभिनेत्रियां नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में जस्सी गिल भी नजर आने वाले हैं।
फिल्म के टाइटल का अनाउंसमेंट अश्विनी अय्यर तिवारी ने एक वीडियो के जरिए किया है। इस वीडियो में फिल्म की टीम के कोट्स और फिर उनके परिवार की तस्वीरें हैं। वीडियो का पहला कोट अश्विनी अय्यर तिवारी का ही है। अश्विनी अय्यर तिवारी का कोट है- 'मैं रिस्क ले सकती हूं और अपने पैशन को फॉलो कर सकती हूं, क्योंकि वह हर दिन मेरे पक्ष में रहे।' इसके बाद अश्विनी और उनके परिवार की कुछ तस्वीरें आती हैं। बता दें कि अश्विनी 'दगंल' जैसी फिल्म का निर्देशन कर चुके नितेश तिवारी की पत्नी हैं।
अश्विनी के बाद कंगना रनौत का कोट आता है। कंगना रनौत का कोट है- 'ये आसान सफर नहीं था, लेकिन मेरे परिवार ने मेरी मुश्किलों से निपटने में मदद की।' इसके बाद कंगना और उनके परिवार की तस्वीरें आती हैं। एक तस्वीर में कंगना अपनी बहन रंगोली के बेटे के साथ भी नजर आ रही हैं।
इसके बाद फिल्म के एक्टर जस्सी गिल का कोट है- 'वो हैं तो मैं हूं।' और फिर जस्सी और उनके परिवार की तस्वीरें नजर आती हैं। आखिरी में नीना गुप्ता का कोट है- 'मेरा परिवार मेरा सपोर्ट सिस्टम है, मेरी ताकत है। मेरी प्रेरणा और मेरी ट्रॉफी भी' नीना और उनके परिवार की तस्वीरों के बाद फिल्म का टाइटल आता है। फिल्म के टाइटल की घोषणा इससे मजेदार अंदाज में पहले कभी नहीं देखी गई। फिल्म की स्टारकास्ट और डायरेक्टर को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि 'पंगा' कंटेट बेस्ड फिल्म होने जा रही है। निखिल मेहरोत्रा और अश्विनी अय्यर तिवारी ने फिल्म का स्क्रीनप्ले और डायलॉग लिखें हैं। फिल्म 2019 में रिलीज होगी, हालांकि अभी फिल्म की रिलीज डेट के बारे में नहीं बताया गया है। फिल्म को फॉक्स स्टार स्टूडियो प्रोड्यूस कर रहा है।