Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने कहा सलमान खान की फिल्म से न करें तुलना, 'वांटेड' का ट्रेलर रिलीज

भोजपुरी के सुपरस्‍टार पवन सिंह की अपकमिंग फिल्‍म 'वांटेड' ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है।

By: BollywoodLife  |  Published: April 19, 2018 3:48 PM IST

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने कहा सलमान खान की फिल्म से न करें तुलना, 'वांटेड' का ट्रेलर रिलीज

भोजपुरी के सुपरस्‍टार पवन सिंह की अपकमिंग फिल्‍म 'वांटेड' इन दिनों चर्चाओं में है। फिल्म के पोस्टर्स पहले ही दर्शकों के बीच चर्चाएं बटोर चुके थे और अब इस फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है। पवन सिंह की इस मोस्ट अवेटेड भोजपुरी फिल्‍म का ट्रेलर मसाला भोजपुरी फिल्मों के बीच पूरी धमक के साथ उतरा है। पवन का अंदाज भी इसमें उनकी पिछली फिल्मों के मुकाबले धमाकेदार नजर आ रहा है। ट्रेलर में पवन सिंह का एक्‍शन अवतार देखने को मिल रहा है।

इतना ही नहीं इस फिल्म के नाम 'वांटेड' को लेकर जब उनसे पूछा गया कि क्या ये सलमान खान की फिल्म से प्रेरित है, क्योंकि इसकी तुलना सलमान की 'वांटेड' से हो रही है, इस पर एक्टर ने कहा- ''वांटेड' नाम से दूसरी इंडस्ट्री में आई फिल्मों की अपनी पहचान है और मेरी फिल्म की अपनी अलग पहचान। सबकी अपनी अलग ऑडियंस है और उसी के हिसाब से फिल्मों का निर्माण भी होता है। इसलिए मेरी फिल्म की तुलना दूसरे से नहीं की जानी चाहिए। मेरी फिल्म अलग जॉनर की है और इसे भोजपुरी के दर्शक एन्जॉय करेंगे।'

एक्टर ने यह भी कहा कि ये इस साल उनकी पहली फिल्‍म है, लेकिन इसमें दर्शकों को वो सब मिलेगा, जो उनकी पसंद है। मनोरंजन के अलावा ये फिल्म एक मैसेज भी देती है। फिल्म के ट्रेलर में कुछ मजेदार डायलॉग भी हैं। एक जगह पवन सिंह कहते हुए नजर आते हैं- 'आंख कमजोर और लाचार लोग दिखाते हैं मंत्रीजी, हम लोगों को उनकी औकात दिखाते हैं' और एक जगह 'इस हनुमान ने सिर्फ अशोक वाटिका को उखाड़ा है, अभी लंका दहन बाकी है।' भोजपुरी सिनेमा में पवन सिंह की फिल्में खूब चलती हैं। फिल्म 27 अप्रैल 2018 को रिलीज हो रही है।

'वांटेड' फिल्म के निर्माता जसवंत कुमार ने बताया की इस साल पवन सिंह की शादी भी हुई है, इस वजह से भी पवन सिंह ने कुछ दिनों का ब्रेक लिया था, लेकिन अब वह 'वांटेड' के जरिए वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन भी पवन सिंह की सुपर हिट फिल्‍म 'सत्या' को डायरेक्ट कर चुके सुजीत कुमार सिंह ने ही किया है। बहरहाल फिल्म के कलेक्शन को देखकर ही बताया जा सकेगा की शादी के बाद पवन सिंह का कमबैक भोजपुरी सिनेप्रेमियों को कैसा लगा।