अक्षय कुमार ने अपने बचपन का किस्सा बताया.
बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार (Akshay Kumar) इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' के प्रमोशन में व्यस्त हैं. वह कई इवेंट में शामिल हो रहे हैं और इंटरव्यू कर रहे हैं. फिल्म 'भूत बंगला' के एक इवेंट के दौरान अक्षय कुमार ने एक इंटरव्यू में अपने बचपन का किस्सा बताया है. उन्होंने बताया कि वह जब एक साल के थे उनकी जान बाल-बाल बची थी. अक्षय कुमार ने बताया कि उनके जन्म से पहले उनके माता-पिता ने एक मन्नत मांगी थी जब वह पूरी हुई तो वह वैष्णो देवी शुक्रिया कहने जा रहे थे. इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. आइए जानते हैं कि एक्टर ने क्या किस्सा बताया है.
एक्टर अक्षय कुमार ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' से बात करते हुए कहा, 'मेरे माता-पिता ने वैष्णो देवी जाकर अजीब प्रार्थना की थी. उन्होंने कहा था कि हमें बच्चा दो लेकिन वह शरारती हो. इस मन्नत के ठीक एक साल बाद मेरा जन्म हुआ था. मैं जब एक साल का हो गया तो तो मेरे माता-पिता देवी मां का शुक्रिया कहने के लिए वैष्णो देवी की यात्रा पर गए. वह जब कटरा पहुंचे तो मेरी तबीयत बिगड़ गई. मुझे 103-104 डिग्री तक तेज बुखार हो गया और मैं बेहोश हो गया. उस समय कटरा में मेडिकल की सुविधाएं ज्यादा नहीं थीं. वहां के डॉक्टर ने मेरे माता-पिता को सलाह दी कि मुझे दिल्ली लेकर जाएं. इसके बाद भी मेरी मां का विश्वास नहीं डगमगाया और उन्होंने कहा कि अगर माता रानी ने हमें ये बेटा दिया है तो वह इसे वापस ले सकती हैं. लेकिन हम पीछे नहीं जाएंगे और अपनी यात्रा पूरी करेंगे.'
अक्षय कुमार ने आगे बताया, 'मेरे माता-पिता ने मुझे गोद में लेकर जय माता दी की जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ने लगे. मैंने लाल रंग की फ्रॉक पहनी थी और मैं बेहोश था. मंदिर के अंदर जैसे मुझे नहलाया गया और पूजा की गई तभी एक अनजान शख्स ने मेरे पिता से कहा कि आपका बेटा मुस्कुरा रहा है. पिता ने मेरी देखा तो मैं मुस्कुरा रहा था. मेरा बुखार अचानक से 98 डिग्री पर आ गया. मैं बिल्कुल ठीक हो गया.'
अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली है. मेकर्स ने इस फिल्म के पेड प्रीव्यू शोज 16 अप्रैल को रखे हैं. प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनने वाली फिल्म 'भूत बंगला' में अक्षय कुमार के अलावा वामिका गब्बी, तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी जैसे स्टार्स काम करते नजर आएंगे. ऐसी ही एंटरटेनमेंट (Entertainment News) की लेटेस्ट खबरों के लिए बॉलीवुडलाइफ के साथ बने रहिए.