'मेरी आशिकी तुमसे ही' फेम राधिका मदन के लिए आज का दिन बेहद ही खास है। बता दें कि आज राधिका अपना जन्मदिन मनाने वाली है। सोशल मीडिया पर राधिका की लोकप्रियता देखकर आप समझ जाएंगे कि उनके प्रति लोगों की दीवानगी किस कदर है। बता दें कि बहुत जल्द टीवी की ये हसीना बॉलीवुड में डेब्यू भी करने वाली है।
राधिका निर्देशक विशाल भारद्वाज की फिल्म छुरियां में नजर आएंगी। इस फिल्म में राधिका सुनील ग्रोवर और सान्या मल्होत्रा के साथ नजर आएंगी। इन दिनों राधिका इस फिल्म की शूटिंग में व्यस्त है। राधिका के जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते है उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ खास किस्से..
सेट पर जब सबने साध ली चुप्पी
राधिका ने 19 साल की उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था, हालांकि शुरुआती दिनों में 'मेरे आशिकी तुमसे ही' के सेट पर उन्हें लोग हल्के में लेते थे। इस वाकये के बारे में बात करते हुए राधिका ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि, 'कई ऐसे लोग थे जो कहते थे कि मुझे एक्टिंग नहीं आती है और मैं सिर्फ खूबसूरत हूं। मुझे याद है कि एक बार मुझे ऐसा सीन देना था, जहां पर मुझे रोना था। मैं रोई और सेट पर लोगों ने चुप्पी साध ली थी। किसी ने कुछ नहीं कहा। उसके बाद मेरे निर्देशक मेरे पास आए और मुझे गले लगा कर कहा मुझे तुम पर गर्व है बेटा। वह एक खूबसूरत पल था।'
बता दें कि राधिका ने 'मेरी आशिकी तुमसे ही' के बाद से खुद को ना सिर्फ ग्रूम किया बल्कि उन्होंने अपने एक्टिंग स्किल्स पर भी खूब काम किया। इस सीरियल के बाद वह इंडोनेशियन वेब सीरीज में भी नजर आई।
प्रशिक्षित डांसर है टीवी की ये हसीना
एकता कपूर ने दिल्ली के एक शो में राधिका को परफॉर्म करते हुए देखा था और एकता को तभी अंदाजा लग गया था कि मेरी आशिकी तुमसे ही के लिए राधिका से बेहतर कोई भी नहीं हो सकता है। राधिका प्रशिक्षित डांसर है और उन्हें हिप हॉप, क्रम्पिंग और बी बॉयिंग में महारत हासिल है। राधिका डांसिंग शो झलख दिखला का हिस्सा भी रह चुकी है, लेकिन इस शो में वह ज्यादा आगे नहीं जा पाई थी।
सेट से भागने की फिराक में थी राधिका
मेरी आशिकी तुमसे ही राधिका का पहला सीरियल था और इस सीरियल की शूटिंग कभी कभी 24 घंटे से ज्यादा होती थी। ऐसे में नाजों से पली बढ़ी राधिका परेशान हो जाती थी और शुरुआती दिनों में वह सेट से भागना चाहती थी। जब इस शो के लिए राधिका को अपना पहला अवॉर्ड मिला तो उन्हें एहसास हुआ कि उनकी मेहनत यूं ही जाया नहीं हो रही है।
बॉलीवुड के इन कलाकारों की पड़ोसी है राधिका
राधिका ने मुंबई में समुंदर किनारे घर लेने का सपना देखा था और मेरी आशिकी तुमसे ही के दौरान उनका ये सपना भी पूरा हो गया। राधिका ने जुहू के परिणीता बिल्डिंग में अपार्टमेंट लिया है। इस बिल्डिंग में शाहिद कपूर और विद्या बालन का भी घर है।
इस शख्स को कर रही है डेट
राधिका अपनी निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा बातें नहीं करती है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो राधिका ईशान आर्या को डेट कर रही है।