इन दिनों सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफॉर्म बन चुका है, जिसके जरिए फिल्मी कलाकार अपनी जिंदगी से जुड़ी हर गतिविधि को कई मीलों दूर बैठे अपने फैंस के साथ आराम से शेयर करते हैं। आए दिन फिल्मी कलाकार कई ऐसे वीडियो पोस्ट करते हैं, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते है। कुछ देर पहले बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह एक खास शख्स के साथ डांस करती हुई दिख रही हैं।
अदा जिसके साथ इस वीडियो में मस्ती भरा डांस कर रही है वह उनकी दादी है। अदा की दादी का नाम तुलसी सुंदर है और यह वीडियो इतना मजेदार है कि आप इसे बार-बार देखेंगे। अदा अपनी दादी के साथ पिछले महीने रिलीज हुई फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ के गाने ‘बम डिगी डिगी’ पर डांस कर रही है। इस गाने पर अदा की दादी इतनी मस्ती के साथ ताल से ताल मिला रही है कि आप उनकी ऊर्जा को देखकर हैरान रह जाएंगे।
बता दें कि अदा और उनकी दादी का ये डांस अब तक साढ़े सात लाख से ज्यादा लोग देख चुके है। अदा ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है और लिखा है कि अपने डांस पार्टनर को टैग करें, मेरी डांस पार्टनर तो मेरी दादी है। मेरे रविवार की प्रेरणा, मेरी जिंदगी की सबसे सकारात्मक इंसान, सबसे ज्यादा सपोर्ट करने वाली, बिल्कुल भी सुस्त नहीं और बहुत ही मेहनती। और अब मेरी डांस टीचर भी यही हैं। आपको बता दें कि इस वीडियो को अदा की मां ने शूट किया है।
अदा ने साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘1920’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में अदा के अभिनय की काफी तारीफ हुई थी। इसके बाद अदा ‘हम है राही कार के’, ‘हंसी तो फंसी’ और ‘कमांडो 2’ में भी काम कर चुकी है।