अगर बॉलीवुड के सबसे सफल सुपरहीरो की बात की जाए तो जहन में केवल एक ही कलाकार का नाम आता है। आप समझ ही गए होंगे कि हम किसकी बात कर रहे हैं ? जी हां, हमारा इशारा ऋतिक रोशन की तरफ ही है। जिनको लोग कृष के अवतार में खूब पसंद करते हैं। सोच कर देखिए कि अगर ऋतिक रोशन कृष के साथ-साथ किसी दूसरे सुपरहीरो का किरदार निभाते भी सिल्वर स्क्रीन पर दिखें तो कैसा रहेगा ? चौंक गए न...
बॉलीवुड के गलियारों से आ रही खबरों की मानें तो डायरेक्टर रोहित धवन अपनी अगली फिल्म में ऋतिक रोशन को लेना चाहते हैं। रोहित की यह फिल्म एक सुपरहीरो की कहानी होगी। अभी तक रोहित ने ऋतिक से इस फिल्म को लेकर बात की है या नहीं, यह पता नहीं चल पाया है। उम्मीद की जा रही है कि रोहित बहुत जल्द ही इस प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। [इसे भी पढ़ें- ऋतिक रोशन स्टारर 'कृष 4' में ये खान सुपरस्टार बनेगा विलेन, अब आएगा डबल मजा !!]
आपको बता दें कि रोहित धवन ने अभी तक बॉलीवुड में देसी बॉयज़ और ढ़िशूम जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। जहां देसी बॉयज़ में जॉन और अक्षय जैसे कलाकार थे तो वहीं ढ़िशूम में वरुण और जॉन जैसे कलाकार थे। [इसे भी पढ़ें- ऋतिक रोशन की ‘क्रिश-4’ में दिख सकती है यह बॉलीवुड हीरोइन !!]
अगर ऋतिक रोशन की बात की जाए तो वो इस साल काबिल जैसी सफल फिल्म में दिखे थे, जिसमें उन्होंने अंधे व्यक्ति का किरदार निभाया था। इस समय वो सुपर 30 नाम की एक फिल्म की तैयारी कर रहे हैं। जिसको डायरेक्टर विकास बहल बना रहे हैं। सुनने में आ रहा है कि उसके बाद ऋतिक यशराज की अनाम फिल्म को शुरु कर सकते हैं, जिसमें उनके साथ टाइगर श्रॉफ भी होंगे। इसके अलावा ऋतिक के पापा राकेश रोशन कृष-4 की कहानी पर भी काम कर रहे हैं। ऋतिक की फिल्मों की लिस्ट देखकर ऐसा लगता है कि आने वाले साल उनके फैंस के लिए काफी खुशनुमा रहने वाले हैं। वैसे आप लोगों को क्या लगता है ? क्या ऋतिक को रोहित की सुपरहीरो फिल्म में काम करना चाहिए ? कमेंट करके बतायें....