निर्देशक आनंद एल रॉय के बैनर तले बनी हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ का खौफ दर्शकों को ही नहीं बल्कि बॉलीवुड सेलेब्रिटीज पर भी छाया हुआ है। अर्जुन कपूर, शाहरुख खान, सोनाक्षी सिन्हा, राजकुमार रॉव जैसे सेलेब्रिटीज पहले ही फिल्म ‘तुम्बाड’ की तारीफ करते नहीं थक रहे है और अब इस लिस्ट में एक नाम और जुड़ गया है।
दरअसल सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें टाइगर श्रॉफ हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ का ट्रेलर देखते नजर आ रहे हैं। फिल्म 'तुम्बाड' का ट्रेलर खत्म होने के बाद टाइगर श्रॉफ हैरान हो जाते हैं और अपने फैंस से अपील करते हैं कि, ‘ये बड़े पैमाने पर बनी एक फैंटसी फिल्म है, जिसे सिनेमाघरों में जरुर देखा जाना चाहिए।’
टाइगर श्रॉफ ने फिल्म के वीएफएक्स की जमकर तारीफ भी की है। यह कहना गलत नहीं होगा कि जब से हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ का ट्रेलर रिलीज हुआ है तभी से लोग इस फिल्म को देखने के लिए उत्सुक है।
गौरतलब है कि सोहम शाह की इस महत्वाकांक्षी फिल्म को बनने में 6 साल का लंबा समय लगा है, जिसके चलते टीम को काफी मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा। इतने लंबे समय के इंतजार के बाद ये मनोरंजक फिल्म 12 अक्टूबर को बाक्स ऑफिस पर रिलीज होने जा रही है। कुछ दिनों पहले फिल्म 'तुम्बाड' के निर्माताओं ने इसकी एक स्पेशल स्क्रीनिंग का इंतजाम किया था, जहां फिल्म 'संजू' के डायरेक्टर राजकुमार हिरानी भी पहुंचे थे। उन्होंने मीडिया के सामने 'तुम्बाड' की जमकर तारीफ की और लोगों के इसे सिनेमाघरों में देखने की अपील कर डाली।
अगर टाइगर श्रॉफ की प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो इस समय अपनी अगली फिल्म की तैयारी में जुटे हुए हैं। इस फिल्म में ऋतिक रोशन और वाणी कपूर भी दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्माण यशराज फिल्म्स के अंतर्गत किया जा रहा है।