अपने नए शो के पहले प्रोमो में खुद का ही मजाक उड़ाते दिखे कपिल शर्मा, देखें वीडियो

अपने नए शो के साथ जल्द ही टीवी पर दस्तक देने वाले हैं कपिल शर्मा

WrittenBy
By: Rahul Sharma | Published: February 9, 2018 6:18 PM IST

हम सब जानते हैं कि बीते साल कपिल शर्मा के साथ क्या-क्या हुआ है ? लेकिन वो कहते हैं न कि बुरा वक्त हमेशा नहीं रहता, देर से ही सही लेकिन एक न एक दिन खुशियों का उजाला ज़िंदगी में जरूर आता है। कपिल शर्मा की जिंदगी से भी अब गम के बादल छटने लगे हैं। कुछ समय पहले ही ऐसी खबरें सामने आयीं थीं कि कपिल शर्मा बहुत ही जल्द अपना एक नया शो लेकर दर्शकों के सामने होंगे और आज उनके आने वाले इस शो का पहला प्रोमो भी रिलीज कर दिया गया है।

अगर कपिल शर्मा के नए शो के प्रोमो की बात की जाए तो इसमें शो का नाम नहीं बताया गया है। आप यह मान सकते हैं कि कपिल ने इस प्रोमो के माध्यम से यह जानकारी दी है कि वो जल्द ही लौट कर आ रहे हैं। प्रोमो में कपिल शर्मा का वही पुराना वाला अंदाज दिखता है, जिसमें वो अपना मजाक उड़ाने से भी नहीं चूके हैं। प्रोमो को आप नीचे देख सकते हैं:

आपको बता दें कि जब पिछली बार कपिल शर्मा अपना शो लेकर लौटे थे तब उनकी टीम में अली असगर, सुनील ग्रोवर, सुमोना चक्रवर्ती, कीकू शारदा और चंदन जैसे कलाकार थे। हालांकि इस बार कपिल शर्मा की टीम में कौन-कौन से कलाकार होंगे यह किसी को नहीं पता है ?

[इसे भी पढ़ें- कपिल शर्मा ने पहली बार तोड़ी चुप्पी, कहा 'डिप्रेशन' से नहीं झूझ रहा हूँ और अभी ठीक हूँ]

टीवी के गलियारों से आ रही खबरों की मानें तो कपिल शर्मा के इस नए शो में सुनील ग्रोवर को छोड़कर बाकी सारे पुराने कलाकार दिख सकते हैं। पुराने कलाकारों के साथ-साथ कुछ नए कलाकारों को भी शो में जगह मिल सकती है। खैर यह देखने वाली बात होगी कि कपिल कब तक अपने शो का नाम और उसके कलाकारों को दर्शकों के सामने पेश करते हैं ? वैसे आपको कपिल शर्मा का यह नया प्रोमो कैसा लगा हमें कमेंट करके जरूर बतायें।