Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

ड्रग्स तस्करी मामले में ममता कुलकर्णी की संपत्ति होगी जब्त, कोर्ट ने दिए आदेश

साल 2016 के अंत में कुलकर्णी ने केन्या से एक बयान देते हुए पुलिस के सभी आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने खुद को निर्दोष और साध्वी बताया था।

By: IANS  |  Published: April 27, 2018 7:02 AM IST

ड्रग्स तस्करी मामले में ममता कुलकर्णी की संपत्ति होगी जब्त, कोर्ट ने दिए आदेश

यहां एक विशेष अदालत ने मादक पदार्थो की तस्करी के मामले में फरार चल रही बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री ममता कुलकर्णी और उनके पति विक्की गोस्वामी की संपत्ति को जब्त करने का आदेश दिया है। विशेष लोक अभियोजक शिशिर हीरे ने कहा कि स्पेशल नारकोटिक्स एंड साइकोट्रोपिक सबस्टेंस (एनडीपीएस) अदालत के न्यायाधीश एच.एम. पटवर्धन ने पूर्व अभिनेत्री, उनके पति तथा कुछ अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थो के मामले में यह फैसला सुनाया।

सबसे बड़े अभियानों में से एक अभियान के तहत थाणे पुलिस ने अप्रैल 2016 में 2,200 करोड़ रुपये के मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था। अंतर्राष्ट्रीय रूप से चर्चित हुए मामले की जांच के दौरान अभिनेत्री ममता कुलकर्णी का नाम आया और बाद में वे इसकी मुख्य आरोपियों में शामिल हो गईं।

जांचकर्ताओं के अनुसार, दवाई बनाने के उपयोग में लाई जाने वाली एफीड्राइन को एक फार्मा कंपनी में अवैध रूप से भेजा जाता था जिसे वहां से बड़ी पार्टियों में नशे के लिए प्रचलित विशेष मादक पदार्थ बनाया जाता था। मामले में कम से कम दस आरोपियों को गिरफ्तार किया गया लेकिन दोनों मुख्य आरोपी- गोस्वामी और ममता कानून की पकड़ से अब तक दूर हैं। कहा जा रहा है कि वे अब कनाडा रह रहे हैं।

गिरफ्तार हुए अन्य आरोपियों में नाइजीरियाई सिप्रेन चिनासा, जिसने पुलिस को अन्य आरोपियों बीएसई की सूची में शामिल एवन लाइफसाइंस लिमिटेड का निर्देशक मनोज जैन, पुनीत श्रिंगी, प्रदीप गिल, सागर पोवले, मयूर सुकधरे, धनेश्वर स्वामी और नियनेश्वर ढिमरी हैं। साल 2016 के अंत में कुलकर्णी ने केन्या से एक बयान देते हुए पुलिस के सभी आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने खुद को निर्दोष और साध्वी बताया था।

उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू को भी पत्र लिखकर उनके खिलाफ मादक पदार्थो के मामले में जांच करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। 90 के दशक की प्रमुख अभिनेत्रियों में शुमार ममता कुलकर्णी ने शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान, सैफ अली खान, अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुड के शीर्ष कलाकारों के साथ काम किया है।

बॉलीवुड के किस्सो-कहानियों और चटपटी खबरों की दुनिया में बने रहें और ज्यादा पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


About the Author

IANS