सुहानी भटनागर के पिता ने बताया किस दर्द से गुजरी उनकी बेटी, इस बीमारी ने ले ली 'दंगल गर्ल' की जान

Suhani Bhatnagar Disease: 'दंगल' फेम एक्ट्रेस सुहानी भटनागर का 19 साल की उम्र में निधन हो गया है। सुहानी भटनागर के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी ने कितना दर्द सहा है।

WrittenBy
By: Shashikant Mishra | Published: February 17, 2024 10:45 PM IST

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की फिल्म 'दंगल' को लोगों ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म में नजर आई एक्ट्रेस सुहानी भटनागर का 19 साल की उम्र में निधन हो गया है। सुहानी भटनागर ने फिल्म दंगल में छोटी बबिता का रोल किया था। सुहानी भटनागर के निधन की जानकारी ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। वहीं, सुहानी भटनागर के माता-पिता का बुरा हाल है और उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि उनकी बेटी ने इतनी कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। सुहानी भटनागर के माता-पिता ने मीडिया के साथ बात की और अपनी बेटी को लेकर कई बातें बताई हैं। आइए जानते हैं कि सुहानी भटनागर के माता-पिता ने क्या कहा है।

सुहानी भटनागर को हुई थी ये बीमारी

सुहानी भटनागर के पिता ने बताया है, 'दो महीने पहले उनकी बेटी के उल्टे हाथ में सूजन आनी शुरू हुई थी जिसे ज्यादा सीरियस नहीं लिया। इसके बाद दूसरे हाथ में और फिर पूरे शरीर में सूजन बढ़ गई। इसके बाद डॉक्टर्स को दिखाया लेकिन बीमारी उनकी पकड़ से बाहर थी। इसके बाद करीब 11 दिन पहले यानी पिछले मंगलवार को बेटी को एम्स में भर्ती करवाया। वहां पर उसके टेस्ट हुए और पता चला कि उसे डर्मेटोमायोसाइटिस नाम की बीमारी हुई है जो बेहद ही रेयर होती है। इस बीमारी का इलाज सिर्फ स्टेरॉइड्स ही हैं। उसे स्टेरॉइड्स दिए गए और जिससे उसकी बॉडी का ऑटो इम्यून सिस्टम प्रभावित और इम्यूनिटी कमजोर हो गई। डॉक्टर्स ने बताया कि इस बीमारी की रिकवरी में बहुत समय लगता है लेकिन इम्यूनिटी कमजोर होने की वजह से अस्पताल में उसे इन्फेक्शन हो गया। बेटी के फेफड़े कमजोर हो गए और उनमें पानी भर गया जिसके चलते सांस लेना मुश्किल हो गया। कल सुहानी ने दुनिया को अलविदा कह दिया।'

सुहानी भटनागर की मां को बेटी पर गर्व

सुहानी भटनागर की मां ने बताया, 'उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। वह बचपन से ही माडलिंग करती थी। फिल्म दंगल के लिए उसे 25 हजार में से चुना गया था। वह बचपन से ही कैमरा फ्रेंडली थी। वह इस समय मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म का कोर्स में सेकंड ईयर में थी। वह अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद फिल्मों में काम करने करना चाहती थी।' सुहानी भटनागर के निधन पर आमिर खान से लेकर फिल्म 'दंगल' के डायरेक्टर नितेश तिवारी तक कई सेलिब्रिटीज ने दुख व्यक्त किया है।

About the Author

Shashikant Mishra

Shashikant Mishra

शशिकांत मिश्र 10 साल से खबरों की दुनिया में हैं. अब इनका सफर बॉलीवुड लाइफ के साथ आगे बढ़ रहा है. एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं और लोगों तक तेजी से खबरें पहुंचाते हैं. इसके साथ ही सिनेमा की दुनिया से जुड़े सितारों की पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ की जानकारी लेकर आते हैं. रिसर्च बेस्ड आर्टिकल लिखने में दिलचस्पी रखते हैं. फिल्मी गलियारों में रहने वाले कई सितारों का इंटरव्यू किया है. इन्होंने राजस्थान पत्रिका, अमर उजाला, नवभारत टाइम्स में काम किया है. इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास्टर्स की डिग्री ली है.