अनुराग कश्यप की फिल्में जितनी अलग होती हैं, उनकी फिल्मों के गाने भी उतने ही अलग होते हैं। अनुराग कश्यप की फिल्मों के गाने अटपटे होने के चलते लोगों का ध्यान खींचते हैं। फिर चाहे आप 'देव डी' के गाने सुन लीजिए या फिर 'गैंग्स आॅफ वसेपुर' के गानों को उठाकर देख लीजिए, ये आपको थोड़े से अलग मिलेंगे। अब अनुराग कश्यप 'मनमर्जियां' लेकर आ रहे हैं और इसके गाने अभी से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं। मेकर्स ने अब इसी फिल्म का एक और गाना रिलीज किया है।
इस गाने का टाइटल है 'ध्यानचंद' और इसके बोल पंजाबी और हिंदी में मिक्स हैं। गाने का टाइटल ही इतना मजेदार है तो भला ये लोगों का ध्यान क्यों नहीं खींचेगा! गाने के लिरिक्स भी मजेदार हैं। इसके लिरिक्स कुछ ऐसे हैं- 'गुल खिलाए जी, और इतराए जी... मूड छोवे जी छक्के छुडांदी है जी... नेढे न आओ जी, परे हो जाओ जी गोली लग जानी है, ट्रिगर दोनाली दी है जी... मोहनी, मोहनी मुरतिया, ते मिठ्ठी बत्तियां... ओ इत्थे देख... ध्यान कित्थे ध्यानचंद!' इस गाने को विजय यमला, निकिता गांधी, अमित त्रिवेदी और सुहास सावंत ने गाया है, जबकि इसे अमित त्रिवेदी ने कंपोज किया है। ये एक फनी पार्टी ट्रैक है।
बता दें कि 'मनमर्जियां' में तापसी पन्नू, अभिषेक बच्चन और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। बीते दिनों ही इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया था। फिल्म के ट्रेलर को भी दर्शकों ने पसंद किया है। इससे पहले फिल्म का गाना ‘ग्रे वाला शेड’ रिलीज किया गया था। अभी दोनों गानों का सिर्फ ऑडियो वर्जन रिलीज किया गया है। फिल्म के ट्रेलर को देख कर लग रहा है कि ‘राजी’ और ‘संजू’ के बाद एक बार फिर से विक्की कौशल नए अवतार में चौंकाने के लिए लौट रहे हैं। वहीं, अभिषेक बच्चन 4 साल बाद सिल्वर स्क्रीन पर लौट रहे हैं। इस फिल्म में अभिषेक सिख शख्स के किरदार में नजर आने वाले हैं।