Entertainment News Of The Day 14th July 2022: 14 जुलाई को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से कई बड़ी खबरों ने ध्यान खींचा है। पॉपुलर सिंगर दलेर मेहंदी के 18 साल पुराने मामले में पटियाला कोर्ट ने उनकी दो साल की सजा को बरकरार रखा है। इसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की फिल्म 'इमरजेंसी' से उनका पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वाला लुक रिलीज कर दिया गया है। टीवी एक्ट्रेस सारा खान को लेकर कहा जा रहा था कि वह पायलट शांतनु राजे को डेट कर रही हैं और जल्द ही अपने रिलेशनशिप को ऑफिशियल भी बनाने वाली हैं। यहां पर आपको आज की ऐसी ही 5 खबरें पढ़ने को मिलेंगी।
दलेर मेहंदी मानव तस्करी मामले में गिरफ्तार
पॉपुलर सिंगर दलेर मेहंदी के 18 साल पुराने मामले में पटियाला कोर्ट ने उनकी दो साल की सजा को बरकरार रखा है। दरअसल, दलेर मेहंदी को मानव तस्करी केस में दो साल कैद की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में सुनवाई के दौरान पटियाला कोर्ट ने दलेर मेहंदी को दोषी करार दिया और फिर सजा सुना दी। बता दें कि दलेर मेहंदी का ये साल 2003 का मामला है। इस मामले में उनके बड़े भाई शमशेर सिंह भी आरोपी हैं लेकिन उनकी साल 2017 में मौत हो गई।
इंदिरा गांधी बनकर कंगना रनौत ने झाड़ा रौब
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'इमरजेंसी' को लेकर काफी चर्चा में हैं। भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर बनाई जा रही इस फिल्म में कंगना रनौत का फर्स्ट लुक जारी हो गया है। इंदिरा गांधी के लुक में कंगना बेहद ही आकर्षक लग रही हैं। 'इमरजेंसी' के फर्स्ट लुक में कंगना रनौत हूबहू इंदिरा गांधी लग रही हैं। इंदिरा गांधी पर बन रही कंगना रनौत की इस फिल्म 'इमरजेंसी' में देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा 1975 में लगाई गई इमरजेंसी की घटना को दिखाया जाएगा।
राम गोपाल वर्मा ब्रूस ली को करना चाहते थे किस
मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा अपनी फिल्मों के साथ ही अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू दिया है और इस दौरान उन्होंने ऐसी बात की है जो सुर्खियों में आ गई है। राम गोपाल वर्मा ने पापुलर मार्शल आर्टिस्ट ब्रूस ली को लेकर बात की है। उन्होंने कहा कि वह ब्रूस ली की पर्सलैनिटी, उनकी स्क्रीन प्रेजेंस, उनकी आंखों के फैन थे। राम गोपाल वर्मा ने यहां तक कह दिया कि वह ब्रूस ली को किस करना चाहते थे।
विग्नेश शिवन की एक गलती से नयनतारा को हुआ करोड़ों का घाटा
कॉलीवुड स्टार कपल नयनतारा और विग्नेश शिवन हाल ही में पति पत्नी बने हैं। इन दोनों सितारों ने 9 जून 2022 को ग्रैंड स्तर पर चेन्नई में शादी की थी। सुनने में आया था कि नयनतारा और विग्नेश शिवन की अपनी शादी की सभी रस्मों की एक वीडियो अलबम नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जानी थी। जिसके लिए नयनतारा और विग्नेश शिवन के साथ नेटफ्लिक्स ने 25 करोड़ रुपये की बड़ी डील साइन की थी। हालांकि अब इस डील पर संकट के बादल गहरा गए हैं।
सारा खान ने शांतनु राजे संग रिलेशनशिप पर लगाई मुहर
टीवी की मशहूर एक्ट्रेस सारा खान अपने स्टाइल की वजह से हमेशा सुर्खियों में बनी रहती हैं। एक्ट्रेस जल्द ही 'स्पाई बहू' में भी एंट्री करने वाली हैं। लेकिन इसी बीच सारा खान अपनी डेटिंग लाइफ को लेकर चर्चा में आ गई हैं। दरअसल, एक्ट्रेस को लेकर कहा जा रहा था कि वह पायलट शांतनु राजे को डेट कर रही हैं और जल्द ही अपने रिलेशनशिप को ऑफिशियल भी बनाने वाली हैं। खास बात तो यह है कि सारा खान ने अपने और शांतनु राजे के रिश्ते पर मुहर लगा दी है।