Farah Khan vs Farhan Akhtar: बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की रेस में कौन है असली सिकंदर? आंकड़े देख चकरा जाएगा सिर!

Farah Khan vs Farhan Akhtar: बॉलीवुड के दो शानदार डायरेक्टर्स फराह खान और फरहान अख्तर के बीच एक दिलचस्प जंग देखने को मिलती है. दोनों ने ही 4 से 5 फिल्में डायरेक्ट की है, लेकिन बॉक्स ऑफिस का सिकंदर कौन है आइए इसके बारे में जानते हैं.

By: Sadhna Mishra  |  Published: January 8, 2026 11:31 PM IST

Farah Khan vs Farhan Akhtar: बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की रेस में कौन है असली सिकंदर? आंकड़े देख चकरा जाएगा सिर!

Farah Khan vs Farhan Akhtar: जब भी बॉलीवुड के डायरेक्टर्स की बात होती है, तो उसमें फराह खान (Farah Khan) और फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) का नाम भी जरूर लिया जाता है. एक तरफ फरहान हैं, जिन्होंने 'दिल चाहता है' और 'लक्ष्य' जैसी फिल्मों से सिनेमा का व्याकरण ही बदल दिया, तो दूसरी तरफ फराह खान हैं, जिनके पास दर्शकों की नब्ज पहचानने की जादुई कला है और 'ओम शांति ओम' जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश कर दी. ऐसे में सवाल यह उठता है कि, दोनों धुरंधर डायरेक्टर्स में से बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की गद्दी पर किसने सबसे ज्यादा राज किया? तो चलिए जानते हैं, दोनों दिग्गजों में से किसने सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में दी हैं.

फराह खान की 4 फिल्मों में से 3 रही ब्लॉकबस्टर

सबसे पहले हम बात करते हैं फराह खान की, जिन्होंने अभी तक 4 फिल्मों का डायरेक्शन किया है, जिनमें से 3 सुपरहिट या ब्लॉकबस्टर रही हैं. इसके अलावा फराह खान के नाम बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों के रिकॉर्ड भी रहे हैं.

TRENDING NOW

Farah Khan की पहली डायरेक्ट फिल्म कौन सी है?

फराह खान (Farah Khan) ने साल 2004 में पहली बार फिल्म का डायरेक्शन किया था और उनकी पहली डायरेक्ट की हुई फिल्म 'मैं हूं ना' है, जो एक बड़ी हिट साबित हुई थी. इस फिल्म में शाहरुख खान और सुष्मिता सेन लीड रोल में नजर आए थे. यह फिल्म उस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी थी.

इसके बाद फराह खान (Farah Khan) ने साल 2007 में आई फिल्म 'ओम शांति ओम' को डायरेक्ट किया, जो एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई. इसमें शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और अर्जुन रामपाल लीड रोल में नजर आए थे.

फिर साल 2010 में फराह ने 'तीस मार खान' डायरेक्ट की, जो सेमी हिट रही. इसमें अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ लीड रोल में नजर आए थे. फिर आई 2014 में फराह खान की डायरेक्ट की हुई फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' जो सुपरहिट होने के साथ-साथ इस समय की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म रही. इसमें शाहरुख खान दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन समेत कई सितारे नजर आए थे. बता दें कि, फराह खान की इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 342 करोड़ रुपए कमाए थे, जो उनके करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी.

फरहान अख्तर की कितनी फिल्में डायरेक्ट की हैं?

वहीं अगर बात करें फरहान अख्तर की तो वे एक बेहतरीन एक्टर ही नहीं बल्कि डायरेक्टर भी हैं. उन्होंने बतौर डायरेक्टर 4 से 5 फिल्में डायरेक्ट की हैं.

फरहान अख्तर की पहली डायरेक्ट की गई फिल्म?

फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) की पहली डायरेक्ट की हुई फिल्म साल 2001 में रिलीज हुई 'दिल चाहता है' है. फरहान ने न सिर्फ इस फिल्म को डायरेक्ट किया था, बल्कि इसकी कहानी भी खुद ही लिखी थी, जो दोस्ती, प्यार और कॉलेज के बाद की जिंदगी के बदलावों पर आधारित थी. इस फिल्म में आमिर खान, सैफ अली खान, प्रीति जिंटा, सोनाली कुल्कर्णी और अक्षय खन्ना जैसे बड़े स्टार्स लीड रोल में नजर आए थे.

इसके बाद साल 2004 में उन्होंने 'लक्ष्य' को डायरेक्ट किया था, जिसमें ऋतिक रोशन और प्रीति जिंटा लीड रोल में नजर आए थे. इसमें एक ऐसे लड़के की कहानी को दिखाया गया था, जो आलसी और लक्ष्यहीन था, लेकिन भारतीय सेना में शामिल होकर कारगिल युद्ध की बैकग्राउंड में एक जिम्मेदार और बहादुर सैनिक बनकर उभरता है. यह फिल्म उस समय तो फ्लॉप रही थी, लेकिन बाद में कल्ट बनी थी.

Farhan Akhtar की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म?

इसके बाद फरहान (Farhan Akhtar) ने साल 2006 में शाहरुख खान स्टारर 'डॉन' और साल 2011 में 'डॉन 2' का डायरेक्शन किया था और ये दोनों ही फिल्में हिट रही थी. 'डॉन 2' ने भारत में 108.51 करोड़ रुपए तो वहीं वर्ल्डवाइड 275 करोड़ रुपए का शानदार कलेक्शन किया था. इसी के साथ 'डॉन 2' साल 2011 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में से एक बन गई थी. बता दें कि, फरहान की बतौर डायरेक्टर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'डॉन 2' ही है.

कौन है बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का असली सिकंदर?

अगर फराह खान और फरहान अख्तर के बतौर डायरेक्शन वाली फिल्मों के टोटल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की तुलना की जाए तो, कमाई के मामले में फराह खान फरहान अख्तर से कहीं ज्यादा आगे हैं और वो ही बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की असली सिकंदर हैं.