अनुराग कश्यप ने कहा विकास बहल से नहीं होती बात, काम करवाने के लिए आॅफिस ने किया गर्लफ्रेंड का यूज

विकास बहल के खिलाफ सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोपों का फैंटम फिल्मस पर भी व्यापक असर पड़ा है!

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: September 11, 2018 1:47 PM IST

मीडिया में इस ​तरह की रिपोर्ट्स हैं कि फिल्ममेकर विकास बहल के खिलाफ सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोपों का फैंटम फिल्मस पर भी व्यापक असर पड़ा है। इस प्रोडक्शन हाउस में विकास बहल के अलावा अनुराग कश्यप, मधु मेंटेना और विक्रमादित्य मोटवानी पार्टनर हैं। चारों ही फिल्ममेकर अलग-अलग मिजाज की फिल्में बनाने के लिए मशहूर हैं। हालांकि, जब से विकास बहल विवादों में घिरे हैं तब से चारों ने अलग-अलग लेकिन फैंटम के लिए ही काम करने का फैसला लिया है। अब अनुराग कश्यप ने इस मसले पर अपनी बात रखी है।

बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में अनुराग कश्यप ने कहा- 'विकास कंपनी में काम कर रहे हैं, वह पार्टनर हैं और उन पर लगे किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन आपसी सहमती से हमने यह निर्णय लिया है कि हम लोग अलग—अलग जगहों पर अपना अलग काम करते रहेंगे। मेरे और विकास के बीच में बातचीत नहीं होती है और इसके अलावा जो कुछ भी है वह सब अफवाह है। हम लोग साथ में फिल्में बनाते रहेंगे, लेकिन उन्हें असहज करने का मुझे कोई औचित्य नजर नहीं आता है।'

अनुराग ने इस बातचीत में उन अफवाहों का भी खंडन किया है कि विकास बहल का नाम 'सुपर 30' के डायरेक्टर के तौर पर फाइनल होने के बाद उन्होंने फैंटम फिल्म्स के आॅफिस में जाना बंद कर दिया है। अनुराग ने कहा- 'मेरे अलग काम करने को लेकर की जाने वाली सभी बातें फालतू हैं। मैं पिछले 25 सालों से अपने घर से ही काम कर रहा हूं, यहां तक कि जब हमने फैंटम की स्थापना की थी तब भी। हां, मैं और विकास कभी भी एक ही प्रोजेक्ट में काम नहीं करते हैं और हम अलग-अलग जगहों से ही काम करते रहे हैं।'

हालांकि, अनुराग ने इस बातचीत के दौरान यह जरूर बताया कि आखिर उन्हें आॅफिस जाने पर कौन मजबूर करता है। उनकी गर्लफ्रेंड शुभ्रा शेट्टी। जी हां अनुराग कश्यप ने खुद ये बात कही है। अनुराग ने कहा- 'मैं एक बेहद बचकानी वजह के चलते आॅफिस जाने लगा। शुभ्रा शेट्टी मेरी क्रश थी और आॅफिस स्टॉफ ने उसे चारे की तरह मुझे आॅफिस में लाने और काम करवाने के लिए यूज किया। लोग कुछ भी नहीं जानते हैं और ऐसे बातें करते हैं मानों वह सब कुछ ही जानते हों।' बता दें कि विकास बहल पर उनकी ही प्रोडक्शन हाउस की एक महिला ने 2017 में सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई थी।