तबीयत बिगड़ने से रुकी इरफान-दीपिका की फिल्म की शूटिंग, विशाल ने ट्वीट कर दी जानकारी

विशाल जल्द इरफान और दीपिका के साथ अपनी नई फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले थे, लेकिन लीड एक्टर्स की तबीयत खराब होने के चलते फिलहाल उन्होंने शूटिंग टाल दी है।

WrittenBy
By: IANS | Published: February 22, 2018 4:25 PM IST

इरफान खान को तबीयत बिगड़ने के चलते अपनी फिल्मों की शूटिंग से ब्रेक लेना पड़ा है। इरफान को पीलिया हो गया है, जिसके चलते उनकी सभी फिल्मों की शूटिंग फिलहाल रद्द कर दी गई है। इरफान की तबीयत बिगड़ने के चलते फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज ने भी अपनी फिल्म का शेड्यूल आगे खिसका दिया है। विशाल जल्द इरफान खान और दीपिका पादुकोण के साथ अपनी नई फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले थे, लेकिन फिल्म के दोनों लीड एक्टर्स की तबीयत खराब होने के चलते फिलहाल उन्होंने शूटिंग टाल दी है।

फिल्मकार विशाल भारद्वाज ने कहा है कि वह अपनी फिल्म की शूटिंग को अभिनेता इरफान खान और दीपिका पादुकोण की सेहत बिगड़ने के कारण आगे बढ़ा रहे हैं। भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'मैं फिल्म को कुछ महीनों के लिए रोक रहा हूं, क्योंकि मेरे दोनों मुख्य कलाकारों को अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याएं हो गई हैं। इरफान को पीलिया हो गया है और उन्हें ठीक होने में कुछ सप्ताह लगेंगे। दीपिका को पीठ में समस्या है जो 'पद्मावत' की शूटिंग के दौरान हुई थी और दोबारा दीपिका को ये समस्या हो गई है।'

उन्होंने कहा कि फिल्म में दीपिका के किरदार को बहुत अधिक शारीरिक श्रम चाहिए और उनके चिकित्सक ने उन्हें कोई कठिन शारीरिक काम न करने की सलाह दी है। भारद्वाज ने कहा कि वह फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले दोनों कलाकारों को बिल्कुल स्वस्थ्य देखना चाहते हैं।

विशाल ने यह भी कहा- 'मैं यह भी स्पष्ट करना चाहता हूं कि फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं है और यह राहिमा खान/सपना दीदी की जिंदगी पर आधारित नहीं है। हां, यह हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' की कहानी से ली गई लेकिन जब हम इस विचार पर काम कर रहे थे तो हमने इसे नई पहचान और आकार दिया है जो कहीं से भी उन नामों के करीब नहीं है जिन्हें मैंने पहले लिया। इसलिए यह निश्चित रूप से किसी की जीवनी नहीं है।'

बहरहाल इरफान की तबीयत बिगड़ने से फिलहाल तो उनकी सभी फिल्मों की शूटिंग रोक दी गई है। इरफान की टीम उनके डेट्स को री-शेड्यूल करने में जुट गई है ताकि उनका कोई भी प्रोजेक्ट अटके न। इरफान अमेजन की प्राइम वीडियो सीरीज 'द मिनस्ट्रिी' में नजर आएंगे। इसके बाद वह 'हिंदी मीडियम-2' पर काम शुरू करेंगे।