स्टार प्लस पर आने वाले चर्चित शो 'कृष्णा चली लंदन' के सेट पर आग लगने की खबर सामने आई है। इस शो में मेघा चक्रवर्ती और गौरव सरीन लीड रोल्स में है। हाल ही में इस टीवी शो के लिए शूटिंग के वक्त एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
दरअसल हुआ कुछ ऐसा कि शो के एपिसोड की शूटिंग के दौरान एक हाई इंटेन्सिटी वाली लाइट में धमाका हो गया और सेट पर मौजूद काले कपड़े ने तुरंत आग पकड़ ली। लेकिन गनीमत ये रही है कि जैसे ही ये घटना घटी, शो के सेट पर मौजूद लोग तुरंत एक्टिव हो गए और आग को तुरंत फैलने से रोक लिया गया। सेट पर मौजूद लोगों की फुर्ती के चलते आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। इस घटना की जानकारी टीवी एक्ट्रेस और शो में लीड रोल निभा रही मेघा चक्रवर्ती ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर करके दी। इस वीडियो की इमेज को आप नीचे देख सकते हैं।
वीडियो पर मेघा ने कैप्शन देते हुए हालांकि बता दिया कि चिंता की कोई बात नहीं है और सबकुछ अभी ठीक है। लेकिन वो जैसे कहते हैं न कि चलती का नाम जिंदगी है। ठीक इसी तर्ज पर शूटिंग के दौरान हुए इस हादसे पर तुरंत काबू पाने के बाद हालांकि मेकर्स ने माहौल को संभालते हुए काम शुरू कर दिया।
ये शो कृष्णा (मेघा चक्रवर्ती) नाम की एक ऐसी लड़की की कहानी है जो बहुत महत्वाकांक्षी है और आगे की पढ़ाई के लिए लंदन जाना चाहती है जबकि राधे (गौरव सरीन) अनपढ़ है और उसकी जिंदगी का महज एक ही सपना है कृष्णा से शादी करना और एक खुशहाल जिंदगी जीना। इस शो को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं।