Add Bollywood Life as a Preferred SourceAdd bollywoodlife as a Preferred Source

'सिर शर्म से झुक गया महिलाओं...' तालिबानी विदेश मंत्री के भारत में स्वागत पर भड़के जावेद अख्तर

हाल ही में अफगानिस्तान के तालिबानी विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर आए और उनका देश में भव्य स्वागत किया गया, जिससे जावेद अख्तर बुरी तरह नाराज हो गए. अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जावेद अख्तर ने एक भारी-भरकम पोस्ट लिखा.

By: Mishra Rajivranjan  |  Published: October 14, 2025 8:00 AM IST

'सिर शर्म से झुक गया महिलाओं...' तालिबानी विदेश मंत्री के भारत में स्वागत पर भड़के जावेद अख्तर

हिंदी फिल्मों में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले जावेद अख्तर अक्सर अपनी बातों को लेकर सुर्खियों में आ जाते हैं. बेझिझक बातें करने वाले जावेद साहब हमेशा अपनी बातों को बड़ी ही स्पष्टता से पेश करते हैं. हाल ही उन्होंने एक गंभीर मुद्दे पर अपने विचार शेयर किए. दरअसल हाल ही में अफगानिस्तान के तालिबानी विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर आए और उनका देश में भव्य स्वागत किया गया, जिसे लेकर जावेद अख्तर ने अपनी नाराजगी जाहिर की है. अपने एक्स अकाउंट पर उन्होंने तालिबान को महिलाओं पर जुल्म ढाने वाली और उनके हक का हनन करने वाली इस्लामिक संगठन बताया है. आगे भी उन्होंने काफी कुछ लिखा.

'मेरा सर शर्म से झुक गया'

अपने पोस्ट में जावेद अख्तर ने भारी गुस्सा हाजिर किया है. उन्होंने सहारनपुर के दारुल उलूम देवबंद को भी तालिबान मंत्री के भव्य स्वागत के लिए फटकार लगाई. लेखक और गीतकार ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मुझे शर्म आती है. मेरा सिर शर्म से झुक जाता है. जब मैं देखता हूं कि दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी समूह तालिबान के प्रतिनिधि को किस तरह का सम्मान दिया गया और उसका देश में किस तरह का भव्य स्वागत किया गया है.

अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जावेद अख्तर ने लंबी-चौड़ी पोस्ट शेयर की है. अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए वो आगे लिखते हैं, ‘जो लोग हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ अपनी आवाज उठाते हैं, उन लोगों ने भी तालिबान का इतना भव्य स्वागत किया. देवबंद को भी शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने अपने ‘इस्लामिक हीरो’ का इतना आदरपूर्ण स्वागत किया, जो उन लोगों में से एक है जिन्होंने लड़कियों की शिक्षा को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है. ये उन लोगों में से एक हैं जो महिलाओं पर जुल्म ढाते हैं.मेरे भारतीय भाइयों और बहनों !!! हमारे साथ क्या हो रहा है. ये हमें क्या हो गया है.’

जावेद अख्तर अक्सर ऐसे राजनैतिक और सामाजिक मुद्दों पर मुखरकर बोलते हैं. इससे पहले भी वो कई बार राजनीति और समाज से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रख चुके हैं. वो अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं.