फिल्म 'पटाखा' के निर्माताओं ने आज मलाइका अरोरा का आइटम नम्बर ‘हैलो-हैलो’ रिलीज कर दिया है। हाल में ही इस गाने का पोस्टर दर्शकों के सामने पेश किया गया था, जिसके बाद से ही सभी ‘हैलो-हैलो’ गाने में मलाइका के लटके-झटके देखने के लिए बेचैन हो उठे थे। हमें पूरा यकीन है कि आज रिलीज हुआ फिल्म ‘पटाखा’ का नया गाना ‘हैलो-हैलो’ लोगों की उस बेचैनी को करार पहुंचाएगा।
अगर गाने की बात करें तो यह बॉलीवुड के पारंपरिक आइटम नम्बर्स जैसा नहीं है। इसको सिर्फ फिल्म की पब्लिसिटी के लिए नहीं बनाया गया है। सिनेमाघरों में ‘पटाखा’ का नया गाना ‘हैलो-हैलो’ विशाल भारद्वाज की फिल्म को मदद करता दिखेगा।
गाने की शुरूआत राधिका मदान और उसके प्रेमी से होती है, जो यह बताया है कि उसने जॉब के लिए दूर संचार विभाग में आवेदन किया है। इसके बाद होती है मलाइका अरोरा की एंट्री। काले रंग की घाघरा-चोली में वो जब अपने नैन मटकाना शुरू करती हैं, दर्शक घायल हो उठते हैं। इसके बाद रेखा भारद्वाज की आवाज पर मलाइका की देसी डांस मूव्स, आपके सीने में तीर की तरह उतरते जाते हैं। इस तीर का मीठा-मीठा दर्द आपको तुरंत ही गाने की धुन पर नाचने के लिए मजबूर कर देता है।
फिल्म 'हैलो-हैलो' गाने को विशाल भारद्वाज ने बनाया है, जिन्होंने कहानी के हिसाब से इसका म्यूजिक रखा है। विशाल भारद्वाज हमेशा से अपनी इस खासियत के लिए जाने-जाते रहे हैं और 'हैलो-हैलो' के लिए भी वो तारीफ के पात्र हैं। गाने को गुलजार साहब ने लिखा है। गुलजार साहब के शब्द और विशाल भारद्वाज के म्यूजिक का मिलन जब-जब होता है, दर्शक झूमने पर मजबूर हो जाते हैं। शायद ही इन दोनों ने कभी दर्शकों को निराश किया हो और 'हैलो-हैलो' भी इसी सिलसिले को आगे बढ़ाता है।
गाने को विशाल भारद्वाज की पत्नी रेखा ने अपनी आवाज दी है। रेखा की आवाज बाकी बॉलीवुड गायिकाओं से बहुत अलग है। उनकी आवाज में एक खनक है, जो दर्शकों के दिलों को करार पहुंचाती है। हमें पूरा यकीन है 'हैलो-हैलो' गाने का खुमार लोगों पर इस तरह चढ़ेगा कि सालों तक नहीं उतरेगा। आपको फिल्म 'पटाखा' का नया गाना कैसा लगा ? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।
बॉलीवुड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें...
Subscribe Now
Enroll for our free updates