सलमान खान के पास 'भारत' और 'दबंग 3' समेत हैं ये 6 फिल्में, जानिए 'रेस 3' की बाकी स्टारकास्ट का हाल

अब जबकि 'रेस 3' का फीवर धीरे-धीरे उतर रहा है, तब यह जानना बेहद दिलचस्प है कि फिल्म की स्टारकास्ट के पास आगे आॅडियंस के लिए क्या कुछ खास है।

WrittenBy
By: BollywoodLife | Published: June 25, 2018 3:31 PM IST

रेमो डिसूजा की मल्टीस्टारर फिल्म 'रेस 3' बॉक्स आॅफिस पर इस साल की बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म को लेकर हालांकि क्रिटिक्स की राय अच्छी नहीं थी, लेकिन सलमान खान की सुपर स्टारडम के आगे क्रिटिक्स के रिव्यूज अदने ही साबित हुए। फिल्म ने पहले वीकेंड पर ही 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की कमाई कर यह साबित कर दिया था कि 'रेस 3' कमाई के मामले में इस साल की बड़ी फिल्मों में शुमार होने जा रही है और ऐसा ही हुआ भी है। दुनियाभर में 'रेस 3' ने शानदार कलेक्शन किया है। खैर, अब जबकि 'रेस 3' का फीवर धीरे-धीरे उतर रहा है, तब यह जानना बेहद दिलचस्प है कि फिल्म की स्टारकास्ट के पास आगे आॅडियंस के लिए क्या कुछ खास है।

सलमान खान:
सलमान खान 'रेस 3' के सबसे बड़े स्टार थे, इसीलिए शुरुआत उन्हीं से करते हैं। सलमान फिलहाल अपने द-बैंग टूर के लिए यूएस में हैं। इसके बाद वह कोरियन फिल्म 'एन आॅड टू माय फादर' पर बेस्ड अली अब्बास जफर की 'रेस 3' की शूटिंग शुरू कर देंगे। इस फिल्म के बाद सलमान खान अपनी ही होम प्रोडक्शन 'दबंग' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'दबंग 3' की शूटिंग स्टार्ट करेंगे। 'दबंग 3' का निर्देशन प्रभुदेवा करेंगे। इन दो फिल्मों के अलावा सलमान खान के पास 'किक 2', सोहेल खान की 'शेरखान', रेमो डिसूजा की 'डांसिंग डैड' और संजय लीला भंसाली की एक अनाम फिल्म भी है।

अनिल कपूर:
अनिल कपूर गुजरती उम्र के साथ और ज्यादा डैशिंग होते जा रहे हैं, ऐसा कहना गलत नहीं होगा। अनिल कपूर ने अपने अलग-अलग किरदारों के जरिए आॅडियंस का मनोरंजन किया है। अनिल कपूर ने हाल ही में 'फन्ने खां' की शूटिंग निपटाई है। इस फिल्म में उनके अलावा राजकुमार राव और ऐश्वर्या राय बच्चन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। इस फिल्म का पोस्टर हाल ही में जारी किया गया था, जिसमें अनिल कपूर बाजा पकड़े हुए नजर आ रहे थे। इसके अलावा अनिल कपूर के पास 'टोटल धमाल', अभिनव बिंद्रा की बायोपिक और 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' जैसी फिल्में भी हैं।

बॉबी देओल:
बॉबी देओल एक दफा फिर से वापसी कर काफी एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म 'रेस 3' ने बॉक्स आॅफिस पर तो धमाल मचाया ही बॉबी को भी एक बार फिर से लाइमलाइट में ला दिया है। 'रेस 3' के बाद बॉबी देओल 'हाउसफुल 4' और 'यमला पगला दीवाना फिर से' के जरिए दर्शकों को गुदगुदाते हुए नजर आएंगे। दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों फिल्में भी 'रेस 3' की ही तरह अपनी-अपनी हिट फ्रेंचाइजी का ही हिस्सा हैं।

जैकलिन फर्नांडिस:
श्रीलंकन ब्यूटी जैकलिन फर्नांडिस अपने डांस मूव्स के जरिए इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। पहले 'बागी 2' में माधुरी के सुपरहिट सॉन्ग 'एक..दो..तीन' के रीमेक में जैकलिन नजर आई और उसके बाद 'रेस 3' में उनके डांस का जादू दर्शकों को देखने को मिला। जैकलिन के पास 'रेस 3' के बाद 2 बड़ी फिल्में हैं। इनमें से एक सुशांत सिंह राजपूत के साथ है जो कि 7 सितंबर को जेपी दत्ता की 'पलटन' से क्लैश हो सकती है और दूसरी फिल्म रेमो डिसूजा की ही 'डांसिंग डैड' है, जिसमें जैकलिन और सलमान खान एक बार फिर से साथ में स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे।